घर वालों ने नाबालिग लड़की की गला रेतकर हत्या की, ऑनर किलिंग की आशंका
Sep 26, 2023
दरभंगा । बिहार के दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बंद घर से करीब 16 साल की एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया है। लड़की की हत्या गला रेतकर की गई है। पुलिस इसे ऑनर किलिंग से जोड़कर देख रही है। पुलिस ने बताया कि मामला आजमनगर के लुच्चीबाड़ा मुहल्ले का है। आरोप है कि घर वालों ने सोमवार की देर शाम एक नाबालिग लड़की की गला रेतकर हत्या कर दी और अंधेरा होने के बाद घर के सभी लोग फरार हो गए। मुहल्लेवासियों ने शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सोमवार रात दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया।
लोगों के अनुसार मृतका का किसी युवक से प्रेम संबंध था जिससे परिवार के लोग नाराज थे। सूरज अपने एक बेटे के साथ शहर से बाहर रहकर काम करता है। घर में उनकी पत्नी उनके दो बेटे और दो बेटियां रहती थीं। अनुमंडल पुलिस अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसका कहना है कि प्रथम दृष्ट्या मामला ऑनर किलिंग का लगता है।