तीन विभागों के डाक्‍टरों ने मिलकर जोडा कटा हाथ

Aug 08, 2023

हमीदिया अस्पताल में आठ घंटे चली सर्जरी की प्रक्रिया

भोपाल। विदिशा के एक मजदूर का आरामशीन में कटे हुए हाथ को तीन विभागों के डाक्‍टरों ने मिलकर जोड दिया। इसके लिए राजधानी के हमीदिया अस्पताल में मजदूर की करीब आठ घंटे सर्जरी की प्रक्रिया चली। व्‍यक्‍ति के हाथ की उंगलियों में हरकत भी शुरू हो गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक विदिशा में रहने वाले 50 वर्षीय हल्के कुशवाह का करीब एक माह पहले दोपहर तीन बजे आरा मशीन पर काम करते वक्त कलाई के पास से हाथ कट गाया था।

जिसके चलते हड्डी, नसों समेत हाथ का करीब 90 फीसदी हिस्सा अलग होकर लटक गया था। हल्‍के के साथ काम करने वाले कर्मचारी तत्काल उसे विदिशा जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी नाजुक स्‍थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत हमीदिया अस्पताल रैफर किया गया था। उसे हमीदिया लाया गया और उसकी हालत देखने के बाद डाक्‍टरों ने तुरंत उसकी सर्जरी करने का फैसला किया। उसी रात 8 बजे प्लास्टिक सर्जरी, निश्चेतना और अस्थिरोग विभाग के चिकित्सकों ने टीम के साथ हाथ जोड़ने का आपरेशन किया, जो सुबह चार बजे तक चला।

सर्जरी के बाद मरीज को पोस्ट आपरेटिव आईसीयू में रखा गया। जहां उसकी लगभग एक सप्ताह तक निगरानी की गई। इसके बाद अब करीब एक माह बाद बीते शनिवार के मरीज दोबारा चेकअप के लिए आया था। जिसमें मरीज का घटना के वक्त 90 फीसदी तक कटा हाथ लगभग सामान्य हाथ की तरह होता नजर आया। अस्पताल में मजदूर की करीब आठ घंटे सर्जरी की प्रक्रिया चली। व्‍यक्‍ति के हाथ की उंगलियों में हरकत भी शुरू हो गई है। 



Subscribe to our Newsletter