आयुष्मान योजना के मरीजों को जांच के लिए बाहर भेज रहे हैं डॉक्टर



नई दिल्ली । एम्स में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के तहत उपचार करवाने आ रहे मरीजों को डॉक्टर बाहर से जांच करवाने की सलाह दे रहें हैं। पिछले एक साल से यह चलन काफी बढ़ गया है। वहीं सर्जरी के दौरान स्पाइन व अन्य के लिए इंप्लांट लगाने पर उपचार का खर्च लाभ पैकेज से बाहर हो जाता है। इसे लेकर एम्स निदेशक तक कई शिकायतें पहुंचीं, जिसके बाद एम्स निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास ने समीक्षा बैठक कर जांच एम्स में ही करवाने का आदेश दिया है।

साथ ही खर्च घटाने के लिए गुणवत्ता वाले मेड इन इंडिया इंप्लांट लगाने को कहा है। डॉ. एम श्रीनिवास ने पीएम-जेएवाई लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करने के बाद आदेश दिया कि एम्स माना हुआ संस्थान है। हमें कोशिश करनी चाहिए कि मरीजों की जांच एम्स में ही हो जाए। वहीं सर्जरी के लिए मेड इन इंडिया इंप्लांट खरीदें जाएं, जिससे खर्च में कमी आए और मरीज की सर्जरी खर्च लाभ पैकेज में हो जाए। इसके अलावा यह भी देखा गया है कि पीएम-जेएवाई के मरीजों के लिए स्थानीय स्तर पर गैर जरूरी खरीद बढ़ गई है।

ऐसे में इन गैर जरूरी खरीद को रोकने के लिए केंद्रीय स्तर पर नियंत्रण होना चाहिए, जिससे खरीद में पारदर्शिता आए। इसके अलावा यह भी देखा गया है कि सर्जरी से कुछ समय पहले राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ऑर्डर को रद्द कर देती है। ऐसा करने से सर्जरी का खर्च योजना से बाहर हो जाता है, जिससे मरीजों को दिक्कत होती है। इसे रोकने के लिए राज्य स्वास्थ्य एजेंसी को भी निर्देश दिए जाएंगे। 



Subscribe to our Newsletter