जेल पुलिस कर्मियों और हमीदिया अस्पताल कर्मचारियों के बीच विवाद,
Aug 12, 2023
भोपाल।
- गार्ड, वार्ड बॉय घायल, महिला से भी की गाली गलौच
राजधानी के हमीदिया अस्पताल में शुक्रवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया जब यहां मामूली बात को लेकर हॉस्पिटल स्टॉफ और जेल पुलिसकर्मी के बीच मारपीट हो गई। वॉर्मारपीट में वार्ड बॉय, एक गार्ड और एक महिला गार्ड घायल हो गए। पूरी घटना का वीडियो जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी मनीष और संजय दामड़े दिख रहे है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी गालियां देता हुआ नजर आ रहा है, वहीं अन्य पुलिस कर्मी के हाथ में बेल्ट दिखाई दे रहा है।
मामले में अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मारपीट, गाली देने और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार घायल वार्ड बॉय रवि गुप्ता दोपहर ड्यूटी पर था। इमरजेंसी गेट के बाहर उसने चिल्लाने की आवाज सुनी तो बाहर आकर देखा, एक पुलिसकर्मी बाहर अन्य लोगों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था।
रवि ने बताया कि मैंने पास जाकर पूछा कि क्या हुआ तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने मुझसे पूछा कि मैं कौन हूं। मैंने जैसे ही बताया कि मैं वार्ड बॉय हूं, तो उन्होंने तुरंत गाली देना शुरू कर दिया। मैंने जब उनकी गाली देने का विरोध किया तो वह मुझे मारने लगे। बेल्ट से भी मारा, इस वारदात में मेरा हाथ फ्रेक्चर हो गया और एक गार्ड जावेद का सिर भी फट गया।
जिसे टांके लगाए गए हैं। पुलिसकर्मी ने महिला गार्ड से भी गाली-गलौच करते हुए धक्का-मुक्की की। जिसकी वजह से महिला को चोट लग गई। थाना पुलिस के अनुसार फुटेज के आधार पर अज्ञात जेल पुलिसकर्मी के खिलाफ मारपीट गाली देने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। उसकी शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।