दिग्विजय आदतन राजनीतिक अपराधी, कमल नाथ मुद्दा विहीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर किया जमकर प्रहार

Aug 31, 2023

भोपाल । पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आदतन राजनीतिक अपराधी प्रवृत्ति के हैं, वे लगातार देश और प्रदेश का वातावरण बिगाड़ने के लिए फेक ट्वीट करते हैं। कमलनाथ के पास चुनाव में कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह दिग्विजय सिंह के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और सामाज में विद्वेष फैलाने के लिए झूठ परोसते हैं।


भाजपा इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेगी। यह कहना है प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  वीडी शर्मा का। उन्होंने कल कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और कमल नाथ पर जमकर प्रहार किया। मध्य प्रदेश की दमोह थाना पुलिस ने कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंटरनेट मीडिया में बजरंग दल के बारे में भ्रामक जानकारी प्रसारित करने के मामले में आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार जैन तीर्थ कुंडलपुर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा भगवान शिव की पिंडी रखकर उत्पात मचाने की बात कांग्रेस नेता सिंह ने गत रविवार को अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कही थी। उनके आरोप को बजरंज दल के कार्यकर्ताओं ने भ्रामक व बदनाम करने की साजिश बताते हुए पुलिस थाने में शिकायत की थी।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह आदतन राजनीतिक अपराधी हैं। वे लगातार देश और मध्य प्रदेश का वातावरण बिगाड़ने के लिए झूठे विषयों को प्रसारित करते हैं। कुंडेश्वर में जैन मंदिर आस्था का केंद्र है। कुछ लोग इस मामले में न्यायालय की शरण लेंगे। हम उनके एक्स अकाउंट को बंद कराने की मांग करेंगे। सब डिवीजनल पुलिस आफिसर नीतेश पटेल ने बताया कि जांच में मौके पर उत्पात मचाने जैसा कोई तथ्य नहीं पाया गया। भ्रामक सूचना प्रसारित करने पर कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। 




Subscribe to our Newsletter