पार्षदों की विकास निधि दोगुनी 12 हजार कर्मियों के वेतन को 800 करोड़ का नया मद

Mar 20, 2025

नई दिल्ली । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का सदन का बजट पारित हो गया है। बुधवार को हुई निगम सदन की विशेष बैठक में हंगामे के बीच नेता सदन मुकेश गोयल ने बजट पेश किया। हंगामा इतना हो गया कि वह बजट पढ़ ही नहीं पाए। इस बीच बजट में संशोधन के लिए रखे गए 31 में 12 प्रस्ताव पारित हो गए। इसमें छह प्रस्ताव भाजपा के पास हुए हैं तो वहीं छह प्रस्ताव आप के पास हुए हैं। इसमें आप ने अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने व वेतन देने के लिए लिए 800 करोड़ रुपये का बजटीय प्रविधान करते हुए अलग मद बनाने प्रस्ताव पारित किया गया है।

साथ ही पार्षदों के क्षेत्रीय विकास निधि को 75 लाख से बढ़ाकर 1.55 करोड़ रुपये करने का प्रविधान किया गया है। निगम ने 2024-25 के लिए 14746.15 करोड़ की आय संशोधित बजट अनुमान पारित किया है जबकि व्यय के लिए 15767.77 करोड़ रुपये का व्यय का अनुमान जताया है। इसी तरह 2025-26 के लिए 16701.94 करोड़ की आय का अनुमान जताया है तो वहीं 17002.66 करो़ड़ व्यय का अनुमान जताया है। निगम सदन की बैठक जैसे ही दोपहर तीन बजे शुरू हुई तो वैसे ही पहले कांग्रेस के पार्षद महापौर के आसन के पास लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए पहुंच गए। इसी बीच कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने महापौर के आसन के माइक खीचने का प्रयास किया। धीरे-धीरे भाजपा पार्षद भी इसमें शामिल हो गए।


Subscribe to our Newsletter