शादी के एक महीने बाद काम की तलाश में राजस्थान से आये युवक की कमरे में मिली लाश
Jul 26, 2023
गले पर मिले चाकू के निशान और बंधा था गमछा, एक महीने पहले हुई थी शादी
भोपाल। बासेवनिया थाना इलाके में बीती देर रात एक युवक की उसके कमरे में सदिंग्ध हालत में लाश मिली है। मृतक के गले में गमछा बंधा था और चाकू का निशान था। उसने खुदकुशी की है, या फिर यह हत्या का मामला है, इसकी जॉच पुलिस कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय माणक सिंह पिता राधाकृष्ण सिंह मूल रुप से ग्राम सूजासर, थाना देशनाक, तहसील/जिला बीकानेर राजस्थान का रहने वाला था।
इलाके में स्थित राम मंदिर के पास पुरानी बस्ती में रहने वाले उसके भतीजे नरपत सिंह ने पुलिस को बताया की उसके चाचा माणक सिंह की शादी बीती 12 जून 2023 को पुनासा खंडवा में रहने वाली आरती से हुई थी। कुछ दिन पहले ही माणक पत्नी के साथ काम की तलाश में भोपाल आया था। यहां उसके कुछ रिश्तेदार रहते हैं, जो होटल में काम करते हैं। यहॉ माणक किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। मॉ की तबीयत खराब होने के कारण उसकी पत्नि आरती 22 जुलाई को मायके पुनासा गई हुई थी। नरपत ने पुलिस को आगे बताया की चाचा दो दिन से औरा मॉल में काम पर जा रहे थे। मंगलवार को तबीयत ठीक न होने के कारण वह घर पर अकेले थे। रात करीब साढ़े 12 बजे के नरपत ने चाचा माणक सिंह को फोन कर उनकी तबीयत की जानकारी ली तब माणक सिंह ने उससे बुखार होने के कारण तबीयत ठीक ने होने की बात कही थी, दोनो के बीच बातचीत के दौरान ही फोन कट गया। नरपत ने दोबारा फोन लगाया तो चाचार माणक की आवाज ने उससे काफी धीमी और लड़खड़ाई आवाज मे बात की और फिर फोन कट गया और माणक का मोबाइल बंद हो गया। चाचा की तबीयत अधिक खराब होने की आशंका के चलते भतीजा नरपत उनके पास ही रहने वाली चाचा की साली पूजा को सारी बात बताते हुए माणक सिंह को घर जाकर उसकी तबीतय देखने को कहा।
पूजा जब माणक के कमरे पर पहुंची तो उसे माणक सिंह पलंग पर औंधे मुंह पड़ा नजर आया। पूजा ने फौरन ही फोन कर भतीजे नरपत को बुलाया, वहीं पुलिस को भी सूचना दे दी। खबर मिलने पर पहुंची के अनुसार शुरुआती जॉच में सामने आया की माणक सिंह के गले पर गमछा बंधा था, और उसके गले पर चाकू का गहरा घाव था। मृतक के पैरो के पास ही सब्जी काटने वाला चाकू पड़ा मिला है। आसपास रहने वाले रिश्तेदारो ने पुलिस को बताया की माणक काम की तलाश में भोपाल आया था, और उन्हें काम भी मिल गया था। और पत्नि के साथ वह कुछ दिन पहले ही भोपाल आए थे, और उनकी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी।
फिलहाल पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेजते हुए पुलिस अन्य बिंदुओ पर जॉच कर रही है। अधिकारियो का कहना है की मृतक के आसपास रहने वाले रिश्तेदारों से पूछताछ करने के साथ ही उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। वही पीएम और घटनास्थल की एफएसएल रिर्पोट आने पर कई सवालो के जवाब सामने आ सकेगें, जिसके आधार पर आगे की जॉच की जायेगी।