अटल पथ पर हुआ लोकतंत्र का कार्निवाल
Sep 06, 2023
- शत-प्रतिशत मतदान का संदेश देने दौड़े तीन हजार लोग
- थर्ड जेंडर, दिव्यांग मतदाताओं द्वारा भी दिया गया जागरूकता संदेश
भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए जिला प्रशासन, निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को अटल पथ पर लोकतंत्र का कार्निवाल आयोजित किया गया। जिसमें ट्रांसजेंडर, दिव्यांग और युवाओं के साथ वरिष्ठ मतदाता भी शामिल हुए। कार्निवाल में युवाओं ने नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से मतदाताओं को जागरूक किया और उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर मप्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने भोपाल आए देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय एवं अरुण गोयल, मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश अनुपम राजन एवं राजधानी के जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर आशीष सिंह भी उपस्थित थे। युवा भारतीय परंपरिक वेशभूषा में दिखे और कतारबद्ध होकर चलते-चलते सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इंदौर से आए हनुमंत ग्रुप के कलाकारों के साथ ही आदिवासी छात्रों ने भी प्रस्तुतियां दीं और महिलाओं ने साड़ी में वकेथान की। इससे पूर्व पुलिस बैंड ने सभी का स्वागत किया। स्टार्टिंग प्वाइंट पर प्रतिभागियों का आना सुबह साढ़े पांच बजे से आरंभ हो गया था और साढ़े छह बजे तक दौड़ आरंभ हो गई। करीब तीन हजार मतदाता, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी- कर्मचारी, विद्यार्थी, निर्वाचन आयोग का अमला, एनसीसी और स्काउट गाइड के कैडेट ने वाकेथान में हिस्सा लिया। सभी को मिलाकर यह संख्या तीन हजार से ऊपर पहुंच गई थी। प्रकृति ने भी साथ दिया और वर्षा से कोई व्यावधान की स्थिति नहीं बनी।

मतदान को लेकर जागरूक किया और शपथ दिलाई
रैली में पोस्टर, बैनर के साथ ही नृत्य और संगीत आदि के माध्यम से भी मतदाता जागरूकता और शत-प्रतिशत मतदान करने का संदेश दिया गया। इनमें कलाकारों और आम मतदाताओं के अलावा थर्ड जेंडर, दिव्यांग मतदाता, वरिष्ठ मतदाता शामिल हुए। इस रैली में बाइक लेकर भी युवा मतदाता शामिल हुए,साथ ही झांकियां भी निकलीं और फ्लैश माब का आयोजन हुआ। इस मौके पर देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन शामिल, जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह आदि मौजूद रहे और वाकेथान को हरी झंडी दिखाई। सभी का यहीं संदेश था कि मतदान करना हमारा पहला धर्म और अधिकार है। इस बार भोपाल को मतदान में भी नंबर वन पर लाना है। अटल पथ से आरंभ हुई रैली विभिन्न मार्गों से होती हुई टीटी नगर स्टेडियम पहुंची, जहां पुरस्कार वितरण शपथ दिलाने के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।