अवैध व नियम विरूद्ध मांस विक्रय की दुकानों के विरूद्ध कार्यवाही हेतु अभियान प्रारंभ
Aug 24, 2023
जोन क्र. 01 एवं 20 में 06 मांस विक्रेताओं के विरूद्ध कार्यवाही में 12 किलोग्राम मांस का विनष्टीकरण किया एवं 03 हजार 400 रुपये स्पॉट फाईन भी वसूला
भोपाल । नगर निगम द्वारा मानव स्वास्थ्य के दृष्टिगत अवैध व नियम विरूद्ध मांस विक्रय की दुकानों के विरूद्ध अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। अभियान के प्रथम दिन निगम अमले ने जोन क्र. 01 एवं 20 के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से तथा नियमों का उल्लंघन कर मांस विक्रय करने वाले 06 मांस विक्रेताओं के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 03 हजार 400 रुपये स्पॉट फाईन के रूप में वसूले तथा 12 किलो मांस का विनष्टीकरण किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के.श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई कार्यवाही के दौरान प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी रविकान्त औदिच्य, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जगदीश टांक सहित स्वास्थ्य विभाग तथा अतिक्रमण विरोधी अमला मौजूद था। निगम का यह अभियान आगामी 18 सितम्बर 2023 तक जारी रहेगा।
भोपाल नगर निगम सीमा क्षेत्र में अवैध/नियम विरूद्ध मांस विक्रय की दुकाने संचालित होने के कारण आवारा श्वानों व गंदगी फैलने की स्थिति से निपटने के दृष्टिगत निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए के निर्देश पर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध/नियम विरूद्ध मांस विक्रय करने वालों के विरूद्ध अभियान बुधवार से प्रारंभ किया गया। अभियान के तहत निगम अमले ने जोन क्र. 01 के अंतर्गत वार्ड क्र. 04 के संत हिरदाराम नगर तथा जोन क्र. 20 के अंतर्गत वार्ड क्र. 01 के गांधी नगर क्षेत्र में मांस विक्रय की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों को 06 मांस विक्रेताओं द्वारा अवैध एवं नियम विरूद्ध मांस विक्रय किया जाना पाया गया। जिस पर निगम अमले ने 12 किलो मांस एवं चिकन जप्त कर फिनाइल व अन्य रसायन डालकर मांस विनष्टिकरण किया तथा जोन क्र. 01 में 01 प्रकरण में 01 हजार रुपये तथा जोन क्र. 20 में 05 प्रकरणों में 02 हजार 400 रुपये का स्पॉट फाईन वसूल किया।