अवैध मांस विक्रय के विरूद्ध अभियान निरंतर जारी
Sep 05, 2023
निगम अमले ने जोन 06 एवं 08 में 10 व्यवसायियों के विरूद्ध कार्यवाही कर 09 हजार रूपये स्पाट फाईन वसूला,
10 किलो मांस जप्त कर नष्ट किया
भोपाल। नगर निगम द्वारा मानव स्वास्थ्य के दृष्टिगत अवैध व नियम विरूद्ध मांस विक्रय करने वालों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी है अभियान के तहत निगम अमले ने जोन क्र. 06 एवं 08 के विभिन्न क्षेत्रों में मांस विक्रय की दुकानों का औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से तथा लायसेंस की शर्तों का उल्लंघन कर मांस विक्रय करने वाले 10 मांस विक्रेताओं के विरूद्ध कार्यवाही की और 09 हजार रुपये स्पॉट फाईन के रूप में वसूला और 10 किलो मांस जप्त कर विनष्टिकरण की कार्यवाही की। निगम का यह अभियान आगामी 18 सितम्बर 2023 तक जारी रहेगा। उक्त कार्यवाही पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.एस.के.श्रीवास्तव के निर्देशन में संबंधित जोन के सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों व अतिक्रमण विरोधी अमले द्वारा की गई।
भोपाल नगर निगम सीमा क्षेत्र में अवैध/नियम विरूद्ध मांस विक्रय की दुकाने संचालित होने के कारण आवारा श्वानों व गंदगी फैलने की स्थिति से निपटने के दृष्टिगत निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए. के निर्देश पर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रमानुसार अवैध/नियम विरूद्ध मांस विक्रय करने वालों के विरूद्ध अभियान निरंतर जारी है। अभियान के तहत निगम अमले ने सोमवार को जोन क्र. 06 एवं 08 के अंतर्गत नेहरू नगर, कोटरा, शाहपुरा, राहुल नगर, पी.एण्ड.टी कालोनी, अम्बेड़कर नगर, मांडवी बस्ती, शबरी नगर, बिट्टन मार्केट आदि क्षेत्रों में मांस विक्रय की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों ने उक्त क्षेत्रों में 10 मांस विक्रेताओं द्वारा अवैध एवं नियम विरूद्ध मांस विक्रय किया जाना पाया गया। जिन पर 09 हजार रूपये का स्पाट फाईन किया और 10 किलो मांस जप्त कर विनष्टिकरण किया गया। निगम अमले ने मांस विक्रेताओं को समझाइश दी कि मांस को सदैव ढ़ककर रखें, गंदगी न फैलायें, दुकान के बाहर ग्रीन नेट/कांच आवश्यक रूप से लगाने के साथ ही लायसेंस की अन्य शर्तों का पालन करें।