डिप्टी कलेक्टर की चुनाव लडऩे की महत्वाकांक्षा को झटका
Sep 08, 2023
- निशा बांगरे का इस्तीफा राज्य शासन ने नामंजूर किया
भोपाल । छतरपुर की डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे की चुनाव लडऩे की महत्वाकांक्षा को तगड़ा झटका लगा है। उनकी बैतूल जिले की आमला विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे के अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। क्योंकि राज्य सरकार ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। हालांकि सरकार के इस्तीफा नामंजूर करने के आदेश के खिलाफ निशा ने कोर्ट जाने की बात कही है।
हम बता दें कि डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने गत 22 जून को धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए राज्य शासन द्वारा छुट्टी नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ उन्होंने सरकार पर पिछली तारीखों में नोटिस जारी करने का आरोप लगाया था। निशा ने आमला (बैतूल) में नवनिर्मित अपने घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम और सर्वधर्म शांति सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होने के राज्य शासन से अनुमति मांगी थी। जिसके लिए शासन ने अनुमति देने से मना कर दिया था। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में निशा बांगरे पर आरोप है कि उन्होंने शासन के निर्देशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचरण किया है। अब शासन ने जांच का हवाला देकर उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। इससे पहले निशा बांगरे इस्तीफे पर कोई फैसला नहीं करने को लेकर राज्य शासन के खिलाफ कोर्ट गई थी, जिस पर कोर्ट ने शासन को 30 दिन में निर्णय लेने का समय दिया था। इसके बाद अब शासन ने उनका इस्तीफा नामंजूर करने का आदेश जारी किया है।
अब नहीं लड़ पाएंगी
राज्य शासन द्वारा इस्तीफा नामंजूर किए जाने के बाद छतरपुर की डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे की बैतूल जिले की चुनाव लडऩे की महत्वाकांक्षा को झटका लगा है। बताते हैं कि कांग्रेस के टिकट पर निशा बांगरे का आमला विधानसभा सीट से चुनाव लडऩा लगभग तय माना जा रहा था। इसके लिए उनकी पीसीसी चीफ कमलनाथ से मुलाकात भी हो चुकी थी। लेकिन इस्तीफा नामंजूर होने के बाद वे चुनाव न तो लड़ ही नहीं पाएंगी, इसके अलावा उन्हें राज्य शासन की जांच से भी गुजरना पड़ेगा।