भोपाल) अवैध रूप से मांस विक्रय करने वालों के विरूद्ध अभियान निरंतर जारी

Aug 29, 2023


-  निगम ने की 29 व्यवसायियों के खिलाफ कार्यवाही कर 10 हजार रूपये वसूला स्पाट फाईन 

  भोपाल । नगर निगम द्वारा मानव स्वास्थ्य के दृष्टिगत अवैध व नियम विरूद्ध मांस विक्रय की दुकानों के विरूद्ध अभियान निरंतर जारी है अभियान के तहत निगम अमले ने जोन क्र. 03 एवं 04 के विभिन्न क्षेत्रों में मांस विक्रय की दुकानों का औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से तथा नियमों का उल्लंघन कर मांस विक्रय करने वाले 29 मांस विक्रेताओं के विरूद्ध कार्यवाही की और 10 हजार रुपये स्पॉट फाईन के रूप में वसूल किये। निगम का यह अभियान आगामी 18 सितम्बर 2023 तक जारी रहेगा।  

भोपाल नगर निगम सीमा क्षेत्र में अवैध/नियम विरूद्ध मांस विक्रय की दुकाने संचालित होने के कारण आवारा श्वानों व गंदगी फैलने की स्थिति से निपटने के दृष्टिगत निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए. के निर्देश पर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रमानुसार अवैध/नियम विरूद्ध मांस विक्रय करने वालों के विरूद्ध अभियान निरंतर जारी है। अभियान के तहत निगम अमले ने सोमवार को जोन क्र. 03 के अंतर्गत वार्ड क्र. 11, 12 एवं 13 तथा जोन क्र. वार्ड क्र. 16, 18 व 20 के विभिन्न क्षेत्रों में मांस विक्रय की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों को जोन नं. 03 में 13 मांस विक्रेताओं द्वारा अवैध एवं नियम विरूद्ध मांस विक्रय किया जाना पाया गया जिन पर 02 हजार रूपये का स्पाट फाईन किया गया। इसी प्रकार जोन क्र. 04 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्षेत्रों में 16 मांस विक्रेताओं द्वारा अवैध अथवा नियमों का उल्लघंन कर मांस विक्रय किया जाना पाया गया जिन पर निगम अमले ने 08 हजार रूपये का स्पाट फाईन किया। निगम अमले ने मांस विक्रेताओं को समझाइश दी कि मांस को सदैव ढककर रखें, गंदगी न फैलायें, दुकान के बाहर ग्रीन नेट अवश्य रूप से लगाने के साथ ही लायसेंस की अन्य शर्तों का पालन करें। 




Subscribe to our Newsletter