बरगी और तवा बांध हुए लबालब, खुले गेट
Aug 25, 2023
नर्मदा घाटी के ऊपरी क्षेत्र में हो रही तेज वर्षा
भोपाल । प्रदेश के बरगी और तवा बांध लबालब होने से इनके गेट खोले गए हैं। प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय होने से नर्मदा घाटी के ऊपरी क्षेत्र में तेज वर्षा हो रही है। यही वजह है क्षेत्र के दोनों बांध पूरी तरह से भर चुके हैं। इसका लाभ इंदिरासागर बांध को हो रहा है। बांध के जलाशय का स्तर 260.30 मीटर हो गया है।
फिलहाल इंदिरा सागर बांध के गेट खुलने की कोई संभावना नहीं है। नर्मदा नदी में तवा डेम से छोड़ा गया पानी रविवार को इंदिरा सागर तक पहुंच गया है। इससे करीब 0.4 मीटर जलस्तर बढ़ा है। इंदिरा सागर बांध का जलस्तर दो दिन पहले 260.26 था, जो अब बढ़कर 260.30 मीटर हो गया है। नर्मदा के जलस्तर को देखते हुए इंदिरासागर बांध का जलस्तर करीब 260.55 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। वैसे बांध की कुल जल भराव क्षमता 262.13 मीटर है।
अगस्त माह में बांध का जलस्तर 260 मीटर रखा जाता है। इसके चलते इंदिरासागर बांध का जलस्तर नियंत्रित करने के लिए पावर हाउस से विद्युत उत्पादन सतत जारी है। टरबाइन से 1840 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। बरगी डेम से छोड़े गए पानी का कोई ज्यादा असर यहां नहीं होने वाला है। नर्मदापुरम (होशंगाबाद) से पानी का डिस्चार्ज करीब पांच हजार घनमीटर हो रहा है। हंडिया की ओर से घटकर 3700 घनमीटर रह गया है। इस माह में इंदिरासागर का जलस्तर अधिकतम 260.96 पहुंच गया था। लगातार विद्युत उत्पादन से यह 260.26 मीटर रह गया था।