(विधानसभा चुनाव) टिकट के दावेदारों की संख्या से भाजपा-कांग्रेस के नेता हैरान

Sep 06, 2023


- कांग्रेस में 5 हजार तो भाजपा में 4 हजार दावेदार

भोपाल । मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। विधानसभा के टिकट के लिए भाजपा हो या कांग्रेस दोनों के भोपाल स्थित प्रदेश मुख्यालयों पर इन दिनों दावेदारों का मेला  लग रहा है। जिस भी नेता-कार्यकर्ता को लगता है वह टिकट पाकर विधायक बन सकता है, टिकट की प्रत्याशा में अपने आकांओं के जरिए भोपाल से दिल्ली तक जोर-जुगत लगा रहा है। स्थिति यह है कांग्रेस के पास प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए अब तक 5000 दावेदारों के बायोडाटा पहुंच चुके हैं। जबकि भाजपा में 230 विधानसभा सीटों पर 4 हजार से ज्यादा नेता दावेदारी कर रहे हैं। यह हालात तब हैं कि जबकि भाजपा और कांग्रेस के रणनीतिकार खुलेतौर पर कह चुके हैं कि इस बार विधानसभा चुनाव में सर्वे के आधार पर जिताऊ और उम्दा छबि वाले उम्मीदवारों को ही टिकट दिए जाएंगे।

टिकट के दावेदारों के हुजूम को देखकर विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही असमंजस की स्थिति में हैं। जिस प्रकार से टिकट के लिए दोनों ही पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है उसे देखकर जनता ही नहीं, बल्कि दोनों पार्टियों के रणनीतिकार हैरान है। मप्र कांग्रेस मुख्यालय में विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी दावेदारों से पार्टी के नेताओं द्वारा बायोडाटा लिए जा रहे हैं। दावेदार नेताओं-कार्यकर्ता का उत्साह और भीड़ देखकर कांग्रेस के एक पदाधिकारी कहते हैं कि लगता हैं कांग्रेस के हर कार्यकर्ता लगने लगा है कि मप्र में कांग्रेस सरकार बनने वाली है।  


भाजपा में भी दावेदारों की संख्या कम नहीं

मध्य प्रदेश की सत्ता में पिछले बीस सालों से काबिज भाजपा में भी दावेदारों की कमी नहीं है। भाजपा में प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 4 हजार नेता दावेदारी कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार भाजपा मुख्यालय में हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं बायोडाटा पहुंच चुके हैं।


कांग्रेस के रणनीतिकारों ने लिया फीडबैक

इसके पहले अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मप्र प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भंवर जितेन्द्र सिंह और अभा कांग्रेस चुनाव समिति के सदस्य अजय कुमार लल्लू तीन दिन तक भोपाल में बैठकर विधायकों और संभावित दावेदारों से वन टू वन बातचीत कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने  जिला कांग्रेस अध्यक्षों से 230 विधानसभा सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों को लेकर अलग-अलग फीडबैक लिया। बताते हैं कि  प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पास 230 विधानसभा सीटों के लिए अब तक पांच हजार से ज्यादा दावेदारों के बायोडाटा आ चुके हैं।



Subscribe to our Newsletter