जिम्बाब्वे ने त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए रजा को बनाया कप्तान
Jul 11, 2025
तेज गेंदबाज नगारवा व ब्लेसिंग शामिल
हरारे । जिम्बाब्वे ने ऑलराउंडर सिकंदर रजा को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के साथ होने वाली आगामी टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए टीम का कप्तान बनाया है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने इस त्रिकोणीय सीरीज के लिए 16 सदस्तीय टीम घोषित की है। ये सीरीज 14 से 26 जुलाई तक हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेली जाएगी। जिसमें प्रत्येक टीम राउंड-रॉबिन चरण में मुकाबला करेगी जिसके बाद शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होगा। इस सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम में अनुभवी के साथ ही उभरते खिलाड़ियों को रखा गया है। टीम में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा के अलावा तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजराबानी को भी रखा गया है। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर ब्रायन बेनेट को भी शामिल किया गया है।
टीम में रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा और ताशिंगा मुसेकिवा भी शामिल हैं, जिन्होंने फरवरी में आयरलैंड के खिलाफ जिम्बाब्वे के पिछले टी20आई मैच में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम में तीन नए खिलाड़ी भी शामिल हैं जो टी20 प्रारूप में अभी तक नहीं खेले हैं जिनमें विकेटकीपर-बल्लेबाज तफादज़्वा त्सिगा, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी और लेग स्पिनर विंसेंट मसेकेसा आदि हैं।
जिम्बाब्वे इस त्रिकोणीय सीरीज में 18 जुलाई को न्यूजीलैंड से खेलने से पहले 14 जुलाई को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद 20 जुलाई को उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। वहीं 24 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से वह अपने राउंड-रॉबिन मुकाबलों का समापन करेगा। तालिका में शीर्ष दो टीमों का फाइनल 26 जुलाई को होगा।
जिम्बाब्वे टीम : सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ट्रेवर ग्वांडू, क्लाइव मदांडे, वेस्ली मधेवेरे, टिनोटेंडा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, विंसेंट मासेकेसा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामहुरी, तफदजवा त्सिगा।