विराट के कारण हुआ युवराज का कैरियर समाप्त
Jan 10, 2025
नई दिल्ली । पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने एक अहम खुलासा करते हुए कहा है कि पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह का करियर समाप्त करने के पीछे विराट कोहली थे। उथप्पा के अनुसार विराट कोहली की कप्तानी अलग तरह की थी। जो भी उनकी कप्तानी में उनके अनुसार नहीं चला उसे बाहर जाना पड़ा। इस दौरान ही कैंसर को हराकर वापसी करने वाले युवराज सिंह के साथ भी खराब व्यवहार हुआ।
उथप्पा ने कहा, विराट की कप्तानी की शैली इस हद तक अलग थी कि आपको उनके स्तर तक पहुंचने की जरूरत थी। चाहे वह फिटनेस हो, चाहे वह खाने की आदतें हों, चाहे वह सुनना हो, सहमत होना हो, यह सब उस मानक पर होना चाहिए था। युवराज को टीम से बाहर किए जाने से पहले विराट की कप्तानी के बारे में बात करते हुए उथप्पा ने कहा, दो अलग-अलग तरह के नेता होते हैं। एक नेता जो कहते हैं कि यह आवश्यक मानक है और दूसरे नेता जो कहते हैं मैं वहां आपसे मिलूंगा और आपको उस मानक तक ले जाऊंगा जिस पर मुझे आपकी जरूरत है। दोनों काम करते हैं और दोनों को परिणाम मिलते हैं पर कर्मियों पर प्रभाव अलग-अलग होगा। ऐसे में एक धड़ा बहुत निराश महसूस करेगा।
कोहली की कप्तानी में हालात कैसे बदल गये थे यह समझाने के लिए उथप्पा ने कैंसर से ठीक होने के बाद युवराज का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, युवराज कैंसर को हराने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी के प्रयास कर रहे थे। इससे पहले एकदिवसीय विश्वकप और टी20 विश्वकप में जीत दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही थी। फिर ऐसे खिलाड़ी को ये कह दिया जाता है कि उसके फेफड़ों की क्षमता कम हो गई है। जब आपने उसे संघर्ष करते देखा था, तब आप उसके साथ थे। इस दौरान युवराज ने फिटनेस टेस्ट के स्तरों में कुछ रियायतें मांगी थीं पर उनके अनुरोध को स्वीकार नहीं किया गया। उन्होंने कहा, इसलिए जब युवराज ने फिटनेस टेस्ट के स्तर में कुछ राहत मांगी तो नहीं दी गयी। फिर उन्होंने टेस्ट दिया, क्योंकि वह टीम से बाहर थे और वे उन्हें लेने को तैयार नहीं थे। उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास किया, टीम में आए पर एक खराब टूर्नामेंट खेला। इस पर उन्हें पूरी तरह से बाहर कर दिया।