रोड-रोलर के सामने सो रहे युवक की कुचलने से मौत
Sep 16, 2023
कोल्लम । केरल के कोल्लम जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां रोड-रोलर के सामने सो रहे एक युवक की कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जिले के आंचल के पास हुई दुखद घटना में तीस वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक उस समय रोड-रोलर के सामने सो रहा था। तभी ड्राइवर ने अचनाक रोड-रोलर चला दिया और युवक की उसके नीचे आने से मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक जहां हादसा हुआ, वहां से कुछ किलोमीटर दूर मृतक रहता था और वह मछली पकड़ने के लिए वहां आया था। वह शराब भी पीता था। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जब वह रोड-रोलर के सामने सोया हुआ था तब क्या वह नशे में था। उन्होंने बताया कि रोड-रोलर के ड्राइवर को शुक्रवार रात ही हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। ऐसा नहीं लगता कि उसकी कोई गलती है। लेकिन, आगे की कार्रवाई तय करने के लिए हम पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।