भर्ती परीक्षाओं की गड़बड़ी को देखा है युवाओं ने : कमलनाथ
Oct 06, 2023
पूर्व मुख्यमंत्री बोले- भाजपा के बहकावे में नहीं आएंगे
भोपाल । प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 18 से 19 वर्ष के 22 लाख से अधिक मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। यह आंकड़ा कांग्रेस के लिए उत्साहजनक है क्योंकि इन्होंने भर्ती परीक्षाओं की गड़बड़ी को देखा है। ये भाजपा के बहकावे में नहीं आएंगे और अपने व प्रदेश के भविष्य को देखकर मतदान करेंगे। यह बात कमल नाथ ने मतदान सूची में नए मतदाताओं की बढ़ी संख्या को लेकर कही। कमल नाथ ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया कि आज के युवा भेदभाव और झगड़ों से परे सौहार्द व मित्रता में विश्वास करते हैं।
वैज्ञानिक-आधुनिक सोच के होते हैं। ईमानदारी और सच्चाई का साथ देते हैं। राष्ट्रवाद के राजनीतिक इस्तेमाल का विरोध करने वाले और सही में सच्चे देश प्रेमी होते हैं। कमल नाथ ने लिखा कि भ्रमित करने वाले झूठे वादों से उनमें आक्रोश जन्म लेता है, जो अंतत: परिवर्तन का आधार बनता है। भाजपा इन युवाओं से डरी हुई है क्योंकि उसके पास इन युवाओं को देने के लिए न तो अच्छी उच्च शिक्षा है, न प्रशिक्षण, न नौकरी, न रोजगार के अवसर और न ही आने वाले कल के लिए कोई नीति-योजना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के लिए नई संभावनाओं का नया युग लेकर आएगी। 2023 के मप्र विधानसभा चुनाव में 18 से 19 साल के 22 लाख से ज़्यादा युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। कांग्रेस इन ‘फ़र्स्ट-टाइम वोटर्स’ का अभिनंदन करते हुए आपसे अपील करती है कि अपने और अपने प्रदेश के भविष्य को सामने रखकर अपना वोट डालें।