योगराज बोले टीम को बेहतर बना रहे गंभीर, शुभमन की भी प्रशंसा की
Jul 08, 2025
चंडीगढ़ । पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम के कप्तान शुभमन गिल की प्रशंसा की है। योगराज ने कहा कि अब गंभीर के आलोचकों को जवाब मिल गया होगा। उन्हें ये मानना होगा कि कोच टीम को बेहतर ही बना रहे हैं। टीम ने जिस प्रकार का प्रदर्शन करते हुए विदेश में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। उससे ये बात साबित होती है। योगराज ने ये बातें दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम को मिली 336 रनों की बड़ी जीत के बाद कही हैं।
वहीं पहले टेस्ट में पांच शतक लगाने के बाद भी भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। उस हार के बाद गंभीर पर कई लोगों ने निशाना साधा था। योगराज ने कहा, खिलाड़ियों के खिलाफ बातें करना भी गलत है जबकि देखा जाये तो खिलाड़ी लगातार बेहतर हो रहे होंगे। खिलाड़ी निखर रहे हैं और अच्छा खेल रहे हैं। इसलिए किसी खिलाड़ी को लेकर ये कहना कि उसे बाहर करे, या उसे क्यों लिया गया नहीं कहना चाहिए।
योगराज का मानना है कि गौतम गंभीर, युवराज सिंह और राहुल द्रविड़ जैसे पूर्व क्रिकेटरों ने भारतीय क्रिकेट को कुछ न कुछ दे रहे हैं, इसलिए उन्हें सम्मान मिलना चाहिए। योगराज ने कहा, गंभीर के बारे में कुछ बोलना नहीं चाहिए। वो अच्छा काम कर रहे हैं। ये वो लोग हैं जिन्हें क्रिकेट ने बहुत कुछ दिया और अब ये क्रिकेट को उसे वापस दे रहे हैं। योगराज ने यह भी कहा कि अगर टीम हारती है तो भी खिलाड़ियों को उनके प्रयास के लिए सराहना मिलनी चाहिये। योगराज ने बताया, अगर हम सीरीज हार भी जाएं तो कम से कम यह जरूर देखे की खिलाड़ियों ने किस प्रकार से खेला है कयोंकि हार-जीत खेल का हिस्सा है। ऐसे में अगर हार गए तो भी सब समाप्त नहीं हो जाता।
योगराज ने कप्तान शुभमन गिल की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनकी टीम का मनोबल भी बढ़ा है जिसका प्रभाव फील्डिंग में दिख रहा है। साथ ही कहा, शुभमन का बयान मुझे अच्छा लगा कि मैं ऐसे ही खेलने के प्रयास करूंगा। टीम बहुत अच्छा खेल रही है। अगर हम इसी तरह फील्डिंग करें, तो हम सीरीज भी जीत सकते हैं। साथ ही कहा कि गेंदबाज अगर 4 गेंद भी अच्छी गेंद डालें और फील्डर दो अच्छे कैच लें, तो भी जीत सकती है। योगराज ने भारतीय टीम की ओर से 1 टेस्ट और 6 एकदिवसीय मैच खेले हैं।