डब्ल्यूपीएल 2026 ऑक्शन लिस्ट जारी

Nov 22, 2025

- 277 खिलाड़ियों के बीच 73 स्लॉट के लिए कड़ा मुकाबला

नई दिल्ली । विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के लिए तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। लीग ने आगामी सीज़न की नीलामी के लिए 277 खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है, जिसमें 73 उपलब्ध स्लॉट के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। 27 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाली इस भव्य नीलामी में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण नज़र आएगा। इस साल की मार्की कैटेगरी में दीप्ति शर्मा, सोफी डिवाइन और एलिसा हीली जैसी दिग्गजों के शामिल होने से ऑक्शन का रोमांच और बढ़ गया है।

जारी सूची के अनुसार, कुल 277 खिलाड़ियों में से 194 भारतीय और 83 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में 52 कैप्ड और 142 अनकैप्ड क्रिकेटर नीलामी का हिस्सा होंगी, जिनके लिए कुल 50 स्लॉट उपलब्ध हैं। वहीं विदेशी खिलाड़ियों में 66 कैप्ड और 17 अनकैप्ड क्रिकेटर हैं, जो 23 विदेशी स्लॉट के लिए दावेदारी पेश करेंगी। इस बार फ्रेंचाइजियों के रणनीतिक फैसले और पर्स मैनेजमेंट का सीधा प्रभाव टीम संयोजन पर दिखाई देगा।

नीलामी की शुरुआत मार्की सेट से शाम 3:30 बजे होगी। इस सेट में शामिल खिलाड़ियों दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, सोफी डिवाइन, सोफी एक्लेस्टोन, एलिसा हीली, अमेलिया केर, मेग लैनिंग और लॉरा वोल्वार्ड्ट के लिए भारी बोली लगने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। ये सभी खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए मैच बदलने की क्षमता रखती हैं और डब्ल्यूपीएल में पहले भी शानदार फॉर्म दिखा चुकी हैं। इस सीज़न के लिए प्राइस ब्रैकेट भी जारी किए गए हैं, जिसमें 19 खिलाड़ी 50 लाख रुपये के सबसे ऊंचे बेस प्राइस में हैं। 11 खिलाड़ी 40 लाख और 88 खिलाड़ी 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर उतरी हैं। सभी टीमों को अधिकतम 18 खिलाड़ियों की स्क्वॉड बनाने की अनुमति है, जिसके आधार पर कुल 73 स्लॉट भरे जाएंगे।

यूपी वॉरियर्स इस बार सबसे बड़े पर्स और चार राइट-टू-मैच (आरटीएम) कार्ड के साथ नीलामी में उतर रही है, जिससे उनके पास टीम रीबिल्डिंग का शानदार मौका है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ने 5-5 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और उनके पास कोई आरटीएम विकल्प नहीं बचे हैं। दिल्ली ने शैफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स जैसी युवा सितारों को बरकरार रखकर मजबूत कोर को बनाए रखा है।

डब्ल्यूपीएल इतिहास में सबसे महंगी खिलाड़ी का रिकॉर्ड अभी भी आरसीबी की स्मृति मंधाना के नाम है, जिन्हें पहले सीज़न में 3.4 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। मौजूदा सीज़न में कुल 17 खिलाड़ी जिनमें 7 विदेशी शामिल हैं रिटेन की गई हैं और सभी फ्रेंचाइजियों के पास मिलाकर कुल 41.1 करोड़ रुपये का पर्स उपलब्ध है। डब्ल्यूपीएल 2026 की यह नीलामी कई नए अध्याय लिखने को तैयार है।


Subscribe to our Newsletter