भारत से 10 अरब डॉलर के उत्पाद मंगाने आपूर्तिकर्ताओं के साथ काम जारी: वॉलमार्ट सीईओ

Jun 24, 2025

नई दिल्ली । वॉलमार्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (वैश्विक) डग मैकमिलन ने मंगलवार को कहा कि उनकी कंपनी अपने वैश्विक परिचालन के लिए भारत से 10 अरब डॉलर का सामान मंगाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए भारत में आपूर्तिकर्ताओं के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वॉलमार्ट ने पिछले कुछ वर्षों में भारत से अपनी खरीद बढ़ा दी है और वह इस प्रगति से उत्साहित है। पिछले कुछ वर्षों में आप देख सकते हैं कि स्थिति कैसे बदल रही है और यह वास्तव में व्यापक और अधिक दिलचस्प होती जा रही है। बेंटनविले मुख्यालय वाली खुदरा दिग्गज कंपनी ने 2027 तक भारत से 10 अरब अमेरिका डालर के उत्पाद मंगाने का लक्ष्य रखा है जिसका उद्देश्य परिधान, खाद्य, खिलौने और अन्य श्रेणियों में निर्यात को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा ‎कि शुरुआत में हम यहां से सीमित श्रेणियों के उत्पाद ले रहे थे, लेकिन अब हम इसका विस्तार करने के लिए उत्सुक हैं। सीईओ ने कहा ‎कि इसमें काफी वृद्धि हुई है और अब हमारा लक्ष्य इसे प्रति वर्ष 10 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है, जो वास्तव में एक बड़ा आंकड़ा है और आपूर्तिकर्ता समुदाय के साथ मिलकर हम इसे प्राप्त करने के लिए काम कर रहे हैं। डग मैकमिलन दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। यहां उन्होंने वॉलमार्ट की भारत में विकास गाथा का उल्लेख किया जिसमें निर्यात, डिजिटल नवाचार, समावेशी आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण व समुदायों को सशक्त बनाना शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने कुछ विक्रेताओं से भी बातचीत की जिन्हें आपूर्तिकर्ता विकास कार्यक्रम वॉलमार्ट वृद्धि के तहत प्रशिक्षित किया गया है। 



Subscribe to our Newsletter