हरलीन के शतक से भारतीय टीम ने दूसरे एकदिवसीय में भी वेस्टइंडीज को हराया
Dec 25, 2024
सीरीज में 2-0 की बढ़त मिली
वडोदरा । हरलीन देओल के शानदार शतक की सहायता से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने यहां वेस्टइंडीज को दूसरे एकदिवसीय क्रिकेट मुकाबले में 115 रनों से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए हरलीन के शतक की सहायता से 50 ओवर में 5 विकेट पर 358 रन बनाये। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 46.2 में 243 रनों पर ही सिमट गयी। इस प्रकार उसे करारी हार झेलनी पड़ी। मेहमान टीम की ओर से हेले मैथ्यूज ने शतक लगाया पर वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा पायीं। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की ओर से स्मृति मंधना और प्रतिका ने अच्छी शुरूआत की। स्मृति ने 53 रन बनाकर अर्धशतक लगाया। वहीं प्रतिका ने 86 गेंदों पर 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 76 रन बनाए। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरी हरलीन ने एक छोर संभालते हुए स्कोर आगे बढ़ाया। हरलीन ने 103 गेंदों का सामना करते हुए 111.65 की स्ट्राइक रेट से 115 रन बनाये। हरलीन ने अपनी पारी में 16 चौके लगाये।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी तेजेी से 18 गेंदों पर 22 रन बनाये। वहीं जेमिमा ने 6 चौके और 1 छक्के की सहायता से 52 रन बनाए। अंत में ऋचा घोष ने 6 गेंदों पर 13 रन बनाकर टीम को 5 विकेट पर 358 रनों के अब तक के सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। पारी की शुरुआत करते हुए कियाना 15 ही रन बना पाई। इसके बाद क्राफ्टन 13 जबकि विलियम्स खाता भी नहीं खोल पायी। डॉटिन ने 10 ही रन बनाए। विंडीज टीम ने 69 रन पर ही 4 विकेट खो दिये पर कप्तान हेले मैथ्यूज ने कैम्पबेल के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। कैम्पबेल 38 रन बनाकर आऊट हो गई पर हेले खेलती रही और शतक पूरा किया। हेले ने 109 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 106 रन बनाए। जैदा ने 25 तो फ्लेचर ने 17 गेंदों पर 22 रन बनाए पर टीम 243 रन पर ही सिमट गयी।