लॉर्ड्स में शतक लगा पायेंगे शुभमन ?

अब तक 10 भारतीय बल्लेबाज ही यहां लगा पाये हैं शतक 

लंदन । भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच 10 जुलाई से लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच में जीत हासिल कर भारतीय टीम सीरीज में बढ़त हासिल करना चाहेगी। अभी दोनो ही टीमें 1-1 से बराबरी पर है। ऐसे में ये मुकाबला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित मैदान पर टेस्ट शतक जड़ने का सपना हर बल्लेबाज का होता है और हर गेंदबाज भी इस मैदान पर पांच विकेट लेना चाहता है। इसका कारण ये है कि ऐसे खिलाड़ियों का नाम परंपरा के मुताबिक यहां के ऑनर्स बोर्ड में शामिल किया जाता है। इस सीरीज में अब तक शुभमन ने एक दोहरे शतक के साथ ही सहित तीन शतक लगा दिये हैं और ऐसे में उनका लक्ष्य यहां भी शतक लगाना रहेगा अब देखना है कि वह सफल होते हैं या नहीं। शुभमन ने पहले और दूसरे दोनो ही मैचों में शतक लगाये हैं जिससे प्रशंसक उनसे यहां भी शतक की उम्मीद करेंगे हालांकि ये आसान नहीं हं। लॉर्ड्स क्रिकेट में अब तक केवल वीनू मांकड़, दिलीप वेंगसरकर सहित 10 भारतीय बल्लेबाज ही शतक लगा पाये है पर इनमें सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली शामिल नहीं हैं। इसके अलावा सुनील गावस्कर और ब्रायन लारा तक यहां शतक नहीं लगा पाये हैं। 

वीनू मांकड़ लॉर्ड्स में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय थे। उन्होंने जून 1952 में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार 184 रन बनाए थे। यह लॉर्ड्स में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे अधिक स्कोर है। वहीं वेंगसरकर ने लॉर्ड्स के मैदान पर तीन शतक लगाये और ये उपलब्धि हासिल करने वाले वह एकमात्र देशी बल्लेबाज हैं। वेंगसरकर ने इस मैदान पर अपना पहला शतक अगस्त 1979 में लगाया था। तब उन्होंने 295 गेंदों पर 103 रन बनाए थे। फिर जून 1982 में वेंगसरकर ने 264 गेंदों पर 157 रन बनाये। वेंगसरकर ने लॉर्ड्स में अपना तीसरा एवं आखिरी शतक जून 1986 में लगाया था।  तब उन्होंने 213 गेंदों पर नाबाद 126 रनों की पारी खेली थी। गुंडप्पा विश्वनाथ ने अगस्त 1979 में लॉर्ड्स में 113 रनों बनाये थे। वहीं रवि शास्त्री ने जुलाई 1990 में यहां 100 रन बनाए थे। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने जुलाई 1990 में इस मैदान पर 121 रन बनाये जबकि सौरव गांगुली ने इंग्लैंड के अपने पहले दौरे में ही लॉर्ड्स मे शतक लगाया। गांगुली ने जून 1996 में लॉर्ड्स के मैदान पर 131 रन बनाये थे। 

ऑलराउंडर अजीत अगरकर ने जुलाई 2002 में लॉर्ड्स में शतक लगाया। उनके नाम यहां 109 रन हैं। राहुल द्रविड़ ने भी यहां 2011 में 103 रन बनाए थे। अजिंक्य रहाणे के नाम भी इस मैदान में शतक है। रहाणे ने जुलाई 2014 में इस ऐतिहासिक मैदान पर 154 गेंदों पर 103 रन बनाए थे। केएल राहुल ने भी इस मैदान पर 129 रनों बनाये हैं। इसके बाद से ही कोई भी भारतीय बल्लेबाज यहां शतक नहीं लगा पाया है। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट के नाम इस मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक हैं। रूट ने इस मैदान पर 22 टेस्ट मैचों में 7 शतक जड़े हैं। इसके बाद इंग्लैंड के ही ग्राहम गूच और माइकल वॉन ने छह-छह टेस्ट शतक लगाए हैं। 


Subscribe to our Newsletter