विनेश का वजन क्यों बढ़ा, कोर्ट को बताई वजह, सिल्वर मिलने की उम्मीद
Aug 12, 2024
नई दिल्ली,। पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट का वजन मुकाबले के दौरान क्यों बढ़ गया, जिसके कारण उन्हें अयोग्य घोषित किया गया। भारतीय रेसलर ने इसकी जानकारी कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (कैस) को दी। विनेश अयोग्य घोषित होने से पहले फाइनल में पहुंची थीं और इसी आधार पर उन्होंने अपने लिए सिल्वर मेडल की की है। इस पर कल यानी 13 अगस्त को फैसला होना है। विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक 2024 में 50 किलोवर्ग में उतरी थीं। इसके मुकाबले दो दिन चले। विनेश ने पहले दिन तीन फाइट जीतकर फाइनल में पहुंची थी। दूसरे दिन फाइनल से पहले उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा निकला। इसके चलते उन्हें फाइनल खेलने का मौका नहीं मिला।
विनेश ने इस मामले में कैस में अपील की है। उनकी ओर से कैस के सामने सीनियर एडवोकेट हरीश साल्वे और विदुष्पत सिंघानिया पेश हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विनेश के एडवोकेट ने बताया कि उनका शेड्यूल बहुत सख्त था। खेल गांव से चैंप डि मार्स एरेना की दूरी को भी विनेश ने वजन बढ़ने की वजह बताया है, जहां रेसलिंग काम्पीटिशशन हुआ था। विनेश के एडवोकेट ने बताया कि उनकी खिलाड़ी को बढ़े हुए वजन का कोई फायदा नहीं मिला है। विनेश ने 50 किलो से कम वजन के साथ ही अपने तीनों मुकाबले जीते और फाइनल में पहुंची। इसलिए उन्हें सिल्वर मेडल तो मिलना ही चाहिए।
विनेश के वकीलों ने कहा, 100 ग्राम वजन बहुत ही कम है। यह एथलीट के अधिकतम वजन से महज 0.1 या 0.2 फीसदी ही ज्यादा है। इतना वजन तो गर्मी के सीजन में कई कारणों से बढ़ जाता है। एथलीट के लगातार खेलने के चलते मसल्स भी बढ़ जाते हैं। खुद को फिट रखने के लिए आपको डाइट लेनी होती है, उससे भी वजन बढ़ जाता है। विनेश के वकीलों ने भारतीय खिलाड़ी के स्वास्थ्य का हवाला भी दिया और कहा कि किसी भी फैसले से पहले इस पर विचार जरुरी है। विनेश फोगाट के वकीलों को उम्मीद है कि कैस का फैसला विनेश के पक्ष में ही आएगा।