मार्च के महीने में क्यों ‎गिरने लगते हैं शेयर, जा‎निए वजह

Mar 09, 2024

नई दिल्‍ली । मार्च का महीना आते ही शेयर बाजार में उठापटक शुरू हो जाती है। आंकड़ों पर नजर डालें तो किसी भी अन्‍य महीने की तुलना में मार्च में बाजार गिरने का जोखिम सबसे ज्‍यादा होता है। बीते 23 साल के आंकड़े देखें तो 56 फीसदी मामलों में शेयर बाजार ने निगेटिव रिटर्न दिया है यानी मार्च में गिरावट रही है। ऐसा भी नहीं है कि मार्च में बाजार का गिरना कोई संयोग हो, इसके पीछे बाकायदा कुछ कारण काम करते हैं। ‎जिन्हें जानकार आप इस महीने नुकसान से बच सकते हैं। ‎‎विशेषज्ञ के मुताबिक मार्च महीने में शेयर बाजार पर ज्‍यादा जोखिम मंडराने की 3 सबसे बड़ी वजहें हैं। ‎विशेषज्ञों ने खासतौर से 3 बातों को इसके लिए जिम्‍मेदारी ठहराया है। ‎

विशेषज्ञ के मुताबिक ‎वित्तीय वर्ष के आ‎खिरी महीने में कंपनियां ज्‍यादा से ज्‍यादा कैश दिखाना चाहती हैं। उनका जोर अपनी बैलेंस शीट से इक्विटी जैसे जोखिम वाले एसेट की जगह कैश को शामिल करने पर रहता है। लिहाजा ऐसी कंपनियां अपने इक्विटी वाले भाग को बेचकर कैश में प्रॉफिट दिखाती हैं, जिससे बैलेंस शीट मजबूत होती है और अगले वित्‍तवर्ष के लिए पोजिशन स्‍ट्रांग होती है। यह बात तो सभी को पता है कि एडवांस टैक्‍स भरने की तिथि हर तिमाही की समाप्ति वाले महीने की 15 तारीख होती है। इसका मतलब हुआ कि 15 मार्च इस वित्‍तीय वर्ष में एडवांस टैक्‍स भरने की आखिरी तारीख है।

इस तरह टैक्‍स चुकाने के लिए भी कंपनियों को कैश की जरूरत होती है। इसके लिए स्‍टॉक या म्‍यूचुअल फंड को बेचकर कैश ले लेती हैं। मार्च के महीने में कंपनियों की निगाह मुनाफे और नुकसान पर भी रहती है। अगर किसी को लांग टर्म में नुकसान दिख रहा है तो वह कैपिटल गेन के जरिये इसकी भरपाई करता है और अपनी टैक्‍स देनदारी भी कम कर लेता है। नुकसान सहने वाले भी आगे लांग टर्म होल्डिंग्‍स के लिए प्रॉफिट बुकिंग करते हैं। इस कारण से बाजार में वोलाटिलिटी काफी बढ़ जाती है और गिरावट की आशंका रहती है।


Subscribe to our Newsletter