पूर्व केंद्रीय मंत्री चिदंबरम ने क्यों कहा ऐसी बहस भारतीय संसद में होनी चाहिए
Sep 13, 2023
नई दिल्ली । कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने जी20 शिखर सम्मेलन के बाद भारत से लौटने के बाद ब्रिटेन की संसद में प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और विपक्षी सदस्यों के बीच हुई बहस का हवाला देकर मोदी सरकार पर कटाक्ष कर कहा कि काश भारतीय संसद में भी इसी तरह बहस होती। चिदंबरम ने कहा, कृपया हाउस ऑफ कॉमन्स में बहस की रिपोर्ट पढ़ें जब सांसदों ने प्रधानमंत्री सुनक से प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी के साथ उनकी बातचीत पर सवाल उठाया। विपक्ष के कठिन सवालों का प्रधानमंत्री ने त्वरित उत्तर दिया।
चिंदबरम ने कहा, यह महत्वपूर्ण नहीं है कि बहस में कौन प्रबल हुआ। महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रधानमंत्री के ब्रिटेन लौटने के कुछ घंटों के भीतर संसद में बहस हुई। मेरी बेहद मनोकांक्षा है कि भारत की संसद में भी इस तरह से बहस हो। जब जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे, तब संसद में इसतरह के सवाल-जवाब सामान्य थे। कांग्रेस महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में बहस की अनुमति नहीं देने और विपक्ष के बार-बार कहने पर भी कई मामलों में प्रधानमंत्री की ओर से जवाब देने से बचने को लेकर मोदी सरकार की आलोचना करती रही है।