जब पत्रकार ने जेलेंस्की से पूछा सवाल, जवाब सुनकर पूरे वाइट हाउस में गूंजे ठहाके

वॉशिंगटन,। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की वाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान अमेरिका पत्रकार के कमेंट से हंसी के ठहाके गूंज उठे। अमेरिका पत्रकार ने जेलेंस्की को याद दिलाया कि आप फरवरी में ट्रंप से मिलने वॉशिंगटन आए थे तो सूट में नहीं थे। इस पर मीडिया समेत अमेरिकी नेताओं ने भी सवाल उठाए थे लेकिन इस बार आप ब्लैक सूट में हैं और शानदार दिख रहे हैं। इस पर जेलेंस्की ने जवाब दिया तो सभी हंस दिए।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जेलेंस्की अमूमन युद्धभूमि वाली खाकी वर्दी में दिखते हैं लेकिन सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ बैठक में उन्होंने काला सूट पहना था। जेलेंस्की और ट्रंप जब मीडिया से बात कर रहे थे तो पत्रकार ने कहा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की आप इस सूट में बहुत सुंदर लग रहे हैं। इस पर तुरंत ही ट्रंप ने चुटकी लेते हुए कहा कि मैं भी जेलेंस्की के सूट की तारीफ कर चुका हूं। ट्रंप ने जेलेंस्की की ओर ओर इशारा करते हुए कहा कि यह वही रिपोर्टर है, जिसने फरवरी में ड्रेस को लेकर आप पर निशाना साधा था। इस पर जेलेंस्की ने हंसते हुए कहा कि मैं इनको पहचान गया हूं। इसके बाद जेलेंस्की ने हंसते हुए कहा कि मैंने तो ड्रेस बदल ली लेकिन तुम वही सूट पहने हुए हो। यही सूट आपने फरवरी में पहना था। इस पर ट्रंप और दूसरे पत्रकार हंसी नहीं रोक सके। 

डोनाल्ड ट्रंप के साथ वाइट हाउस में मुलाकात के बाद जेलेंस्की ने कहा कि उनकी ट्रंप के साथ लंबी और विस्तृत बातचीत हुई। इसमें सुरक्षा गारंटी सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी का समर्थन किया है। इसके अलावा युद्धबंदियों और नागरिकों की रिहाई पर भी अच्छी बातचीत हुई है। जेलेंस्की ने बताया कि ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच संवेदनशील मुद्दों को सुलझाने के लिए एक बैठक का समर्थन किया है। वे त्रिपक्षीय बैठक के लिए तैयार हैं। हालांकि उनके और पुतिन के बीच वार्ता की तारीख अभी तय नहीं हुई है।


Subscribe to our Newsletter