रबी सत्र में गेहूं रकबा बढ़ा, दलहन का घटा
Jan 20, 2024
नई दिल्ली । गेहूं का कुल रकबा फसल वर्ष 2023-24 जुलाई-जून के चालू रबी सत्र में 340 लाख हेक्टेयर को पार कर गया है। वहीं दलहन का रकबा कम रहा है। हाल ही में जारी किए गए कृषि मंत्रालय के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। अक्टूबर में शुरू हुई रबी की मुख्य फसल गेहूं की बुवाई पूरी हो चुकी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब शीर्ष तीन राज्य हैं जहां गेहूं खेती के तहत अधिकतम क्षेत्रफल है। मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार चालू रबी सत्र में 19 जनवरी तक 340.08 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हो चुकी है, जबकि एक साल पहले की अवधि में 337.50 लाख हेक्टेयर में बुवाई की गई थी। एक ओर जहां मोटे अनाज और तिलहन का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रहा, वहीं इस रबी सत्र में दाल और धान का रकबा कम रहा। रबी सत्र 2023-24 में दाल की बुवाई 155.13 लाख हेक्टेयर में हुई है,
जो पिछले साल 162.66 लाख हेक्टेयर से कम है। आंकड़ों से पता चलता है कि चना, उड़द और मूंग का रकबा कम रहा। हालांकि, चालू रबी सत्र में अब तक मसूर का रकबा 19.51 लाख हेक्टेयर से अधिक है, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह 18.46 लाख हेक्टेयर था। धान का रकबा भी घटकर 28.25 लाख हेक्टेयर रह गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 29.33 लाख हेक्टेयर था। आंकड़ों के अनुसार चालू रबी सत्र में अब तक मोटे अनाज का कुल क्षेत्रफल 53.83 लाख हेक्टेयर है, जो एक साल पहले की अवधि में 50.77 लाख हेक्टेयर था।