
क्या बनेगी बात? युद्धविराम का प्रस्ताव लेकर पुतिन के पास जा रही ट्रंप की टीम
Mar 13, 2025
मॉस्को। रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से युद्ध चल रहा है। कई बार शांति के प्रयास भी हुए लेकिन नतीजा शून्य रहा। एक बार फिर युद्ध रोकने के प्रयास हो रहे हैं, इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम एक प्रस्ताव लेकर पुतिन के पास जा रही है। यह प्रतिनिधिमंडल मॉस्को के लिए रवाना हो गया है, ताकि रूस के साथ युद्धविराम की बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके। दूसरी ओर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कुर्स्क क्षेत्र का दौरा किया, जहां हाल ही में रूसी सेना ने यूक्रेनी बलों से 100 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र और 12 बस्तियों पर फिर से कब्जा किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ भी शामिल हैं, जो रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करने की योजना बना रहे हैं। यह यात्रा सऊदी अरब के जेद्दा में हाल ही में हुई वार्ता के बाद हो रही है, जहां यूक्रेन ने अमेरिकी प्रस्ताव के तहत 30 दिनों के युद्धविराम को स्वीकार करने की सहमति दी थी। अमेरिका ने इसके बाद यूक्रेन के साथ सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी साझा करने पर लगी रोक को तुरंत हटाने का ऐलान किया था।रुबियो ने कहा, अब गेंद रूस के पाले में है। हम उम्मीद करते हैं कि मॉस्को इस प्रस्ताव पर सकारात्मक जवाब देगा, ताकि हम स्थायी शांति की दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा, “हम (रूसियों को) इस पेशकश से अवगत कराएंगे।