
महारानी गायत्री देवी पर बन रही वेब सीरीज
Feb 28, 2025
मुंबई । राजस्थान के जयपुर राजघराने की महारानी गायत्री देवी पर वेब सीरीज बन रही है। यह भारत की शाही विरासत, बदलाव और एक मजबूत महिला की कहानी को दर्शाने वाली सीरीज होगी।
हाल ही में प्रोड्यूसर प्रांजल खंधाडिया ने इस रॉयल वेब सीरीज के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा, उन्होंने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘धक धक 2’ और हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘स्वीट ड्रीम्स’ पर भी बात की। प्रांजल खंधाडिया ने बताया कि इतिहास के प्रति उनकी हमेशा से गहरी रुचि रही है, खासकर भारत के आधुनिक इतिहास में। उन्होंने कहा, ‘भारत एक उपनिवेश रहा है, जिस पर पहले विदेशियों का राज था, अपने फैसले खुद नहीं ले सकता था। इसका इतिहास ज्यादातर ब्रिटिश नजरिए से लिखा गया है। पढ़े-लिखे लोग अंग्रेजी में लिखते थे और वही बातें किताबों का हिस्सा बनीं। इसका नतीजा यह हुआ कि भारतीय राजाओं को एक खास छवि में दिखाया गया - कि वे ब्रिटिश के करीब थे, केवल ऐशो-आराम में थे, जनता के लिए कुछ नहीं किया। लेकिन हकीकत इससे अलग थी।
कोई यूं ही राजा या रानी नहीं बन जाता, जनता का प्यार ऐसे ही नहीं मिलता।’ उन्होंने आगे कहा, ‘महारानी गायत्री देवी सिर्फ अपने रॉयल स्टेटस के लिए नहीं, बल्कि अपनी सोच, आत्मविश्वास और फैसलों के लिए जानी जाती थीं। यह केवल एक शाही परिवार की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसी महिला की दास्तां है, जिसने हिम्मत और बदलाव की मिसाल कायम की।’ बता दें कि बॉलीवुड में बायोपिक फिल्मों और वेब सीरीज का दौर तेजी से बढ़ रहा है। अब एक और भव्य प्रोजेक्ट ऑडियंस के सामने आने वाला है।