
प्रयागराज में पूर्णिमा पर मौसम साफ दिल्ली-बिहार में लुढ़का पारा
Feb 12, 2025
नई दिल्ली । मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, यूपी में अगले 24 से 48 घंटे के भीतर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। देशभर के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी तापमान में गिरावट होने लगती है, जिससे हल्की ठंड का एहसास हो रहा होता है। वहीं कभी एक दम से पारा बढ़ जाता है, जिससे फरवरी महीने में ही मार्च वाली गर्मी होने लगती है। मौसम विभाग के मुताबिक, देश के ज्यादातर राज्यों में 11 से 15 फरवरी के शुष्क मौसम रहने के आसार जताए हैं। उत्तर प्रदेश में भी इन दिनों मौसम का लगातार मिजाज बदलता नजर आ रहा है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी महसूस होने लगी है, जबकि रात में ठंडी हवाओं का असर अभी भी जारी है। यूपी के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में माघी पूर्णिमा के अवसर पर महास्नान है।
इस दौरान प्रयागराज में आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज में 14 फरवरी तक मौसम साफ रहने वाला है। वहीं 15 फरवरी के बाद तापमान में बदलाव आएगा। काशी में भी ठंड में कमी आने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में बढ़ोतरी की वजह से लोगों को केवल सुबह और रात में लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। इसके अलावा दिन में मार्च-अप्रैल वाली गर्मी पड़ रही है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी में आज मौसम साफ रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। इसके अलावा सुबह और शाम के वक्त लोगों का हल्की ठंड का एहसास होगा, लेकिन दिन के वक्त धूप निकलेगी। अयोध्या में भी आज मौसम साफ रहेगा। इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 12 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से 12 डिग्री सेल्सियस डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा दिन के दौरान 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा और अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, यह सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक रहा।