मांगें पूरी होने तक मुख्यमंत्री आवास से नहीं हटेंगे
Aug 08, 2026
टैक्सी चालकों का ऐलान...18-20 अगस्त के बीच करेंगे सीएम हाउस घेराव
भोपाल । एग्रीगेटर कंपनियों की किराया नीति और कथित मनमानी के खिलाफ भोपाल के टैक्सी चालकों का आंदोलन अब प्रदेश स्तर पर पहुंचने जा रहा है। शनिवार को चिनार पार्क में भोपाल टैक्सी चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ सम्बद्ध) और टैक्सी यूनियन कल्याण समिति संपूर्ण भारत से जुड़े पदाधिकारियों और टैक्सी चालकों की बैठक हुई। इसमें 15 अगस्त को भोपाल में बड़ी रैली निकालने और 18 से 20 अगस्त के बीच प्रदेश स्तरीय आंदोलन कर मुख्यमंत्री आवास के घेराव का फैसला लिया गया। आंदोलन की अंतिम तारीख अभी तय नहीं की गई है।
टैक्सी यूनियन कल्याण समिति संपूर्ण भारत के भोपाल प्रभारी जावेद खान ने बताया कि 15 अगस्त को बोट क्लब से लालघाटी तक रैली निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में टैक्सी चालक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रैली शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से निकाली जाएगी। इसे टैक्सी चालकों की ताकत दिखाने और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
सरकार से नई किराया नीति लागू करने की मांग
संघ का कहना है कि मध्यप्रदेश में टैक्सी किराया तय करने के लिए स्पष्ट सरकारी नीति नहीं है। इसी का फायदा उठाकर एग्रीगेटर कंपनियां मनमाने तरीके से किराया तय कर रही हैं। संगठन की मांग है कि सरकार टैक्सी किराए के लिए स्थायी गाइडलाइन लागू करे। इसमें प्रत्येक राइड पर 50 से 60 रुपए बेस फेयर, यात्रा अवधि के लिए 1 से 1.50 रुपए प्रति मिनट टाइम चार्ज और गाड़ी की श्रेणी के अनुसार 22 से 30 रुपए प्रति किलोमीटर की दर तय की जाए।

भोपाल टैक्सी चालक संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले ने बताया कि बैठक में भोपाल के टैक्सी चालकों से आगे की रणनीति पर राय ली गई। अब 18 से 20 अगस्त के बीच प्रदेश स्तर का बड़ा आंदोलन करने की तैयारी है। इसमें भोपाल के अलावा मध्यप्रदेश के दूसरे शहरों में ओला, उबर और रैपिडो जैसी एग्रीगेटर कंपनियों से जुड़े ड्राइवरों को भी भोपाल बुलाया जाएगा। आंदोलन की अंतिम तारीख जल्द तय की जाएगी।
18 अगस्त से पहले फैसला नहीं तो बड़ा प्रदर्शन
भोपाल टैक्सी चालक संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा ने सरकार और एग्रीगेटर कंपनियों को चेतावनी दी कि यदि 18 अगस्त से पहले किराए और अन्य मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो भोपाल के टैक्सी चालक मुख्यमंत्री आवास कघेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि टैक्सी चालक आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं, कई ड्राइवरों के लिए वाहन की किस्त और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।