पुलिस पेट्रोल पंप पर डाला जा रहा है पानी मिला पेट्रोल! दर्जनों ग्राहकों ने किया पर्दाफाश, जमकर हुआ प्रदर्शन


(सीताराम नाटानी) गुना-।     शहर के हनुमान चौराहा के निकट संचालित पुलिस पेट्रोल पंप पर पानी मिलाकर पेट्रोल डालने का मामला सामने आया है। बुधवार को दर्जनों लोगों ने बोतलों में पानीयुक्त पेट्रोल दिखाकर प्रदर्शन कर शिकायत की।

बड़ी संख्या में लोगों ने तो अपनी बाइकों से पेट्रोल निकालकर भी बताया। लोग बोतलों में पानी लेकर पेट्रोल पंप पर घूमते रहे। इस दौरान कई लोगों को पेट्रोल के पैसे भी वापस किए गए। कर्नलगंज के रहने वाले गोलू ने बताया कि वे शिवपुरी के लिए पेट्रोल पंप से 500 रुपए का पेट्रोल डलवाकर निकले थे। कुछ दूर चलने के बाद ही बाइक बंद हो गई।

उन्होंने काफी प्रयास के बाद भी जब बाइक चालू नहीं हुई तो पेट्रोल की टंकी देखी जिसमें पानी ही पानी चमक रहा था। वो वापस बाइक को धक्का लगाते हुए पेट्रोल पंप पहुंचे और शिकायत की। इसके अलावा कई अन्य लोगों ने भी अपनी शिकायत करते हुए पेट्रोल के पैसे वापस देने की मांग करते हुए यहां स्टाफ से काफी देर तक बहसबाजी चलती रही। कई लोगों ने पेट्रोल पंप की जांच करने की मांग भी की है।


Subscribe to our Newsletter