थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर युद्ध जैसे हालात, एफ-16 से हमले में 9 की मौत
Jul 24, 2025
बैंकॉक,। दक्षिण-पूर्व एशिया के दो पड़ोसी देश थाईलैंड और कंबोडिया एक बार फिर सीमा विवाद को लेकर दो-दो हाथ करने आमने-सामने आ गए हैं। गुरुवार को हालात तब और बिगड़ गए जबकि थाईलैंड ने अपने एफ-16 लड़ाकू विमानों से कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हमला कर दिया, जिसमें कई कंबोडियाई नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है। जवाब में कंबोडिया ने भी मिसाइलों से पलटवार किया, जिससे थाईलैंड में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई।
जानकारी अनुसार थाईलैंड ने छह एफ-16 विमानों को अपनी सीमा पर तैनात किया था। थाई सेना के उप-प्रवक्ता रिचा सुकसुवनन ने कहा कि यह कार्रवाई तयशुदा सैन्य ठिकानों पर केंद्रित थी। वहीं, थाईलैंड का आरोप है कि कंबोडिया ने पहले तोपों और ड्रोन से उनकी सैन्य चौकी, नागरिक क्षेत्रों और एक अस्पताल को निशाना बनाया था। उधर, कंबोडिया ने थाई हमले को बेरहम करार देते हुए कहा है कि उन्होंने यह कदम आत्मरक्षा में उठाया। कंबोडियाई अधिकारियों ने थाई सैनिकों पर अकारण घुसपैठ का आरोप लगाया है। सुरिन प्रांत सहित सीमा से सटे कई इलाकों में लोग बंकरों और अस्थायी शरण स्थलों में शरण लिए हुए हैं। गोलियों और धमाकों की आवाजें लगातार सुनाई दे रही हैं। थाई मीडिया ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया है, कि गोलियों और धमाकों की गिनती नहीं हो रही है, हर कोई डर के साये में जी रहा है।
थाई विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि अगर कंबोडिया हमले जारी रखता है तो वे आत्मरक्षा में और कड़े कदम उठाएंगे। दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए हैं और आशंका है कि हालात और गंभीर हो सकते हैं, अगर शीघ्र ही राजनयिक समाधान नहीं निकाला गया।
क्यों बिगड़े हालात?
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 817 किलोमीटर लंबी सीमा पर कई ऐतिहासिक और भू-राजनीतिक विवाद लंबे समय से चले आ रहे हैं। 2011 में भी दोनों देशों के बीच एक हफ्ते तक गोलीबारी हुई थी। ताजा तनाव मई में एक कंबोडियाई सैनिक की हत्या से शुरू हुआ था। इसके बाद कूटनीतिक संबंधों में खटास आई और दोनों देशों ने एक-दूसरे के राजदूतों को निष्कासित कर दिया।
गुरुवार को संघर्ष की शुरुआत ता मोआन थोम मंदिर के पास हुई, जो एक विवादित स्थल माना जाता है। यहां दो थाई सैनिक घायल हुए हैं।