डीपीएल में नजर आयेगा विराट का भतीजा और सहवाग का बेटा

नई दिल्ली । स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के भतीजे आर्यवीर कोहली और वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के दूसरे सत्र में खेलते हुए दिखेंगे। इन दोनों को डीपीएल 2025 नीलामी में अलग-अलग टीमों ने खरीदा है। लेग-स्पिनर आर्यवीर कोहली विराट के बड़े भाई विकास के बेटे हैं, उन्हें साउथ दिल्ली सुपरस्टारज ने एक लाख रुपये में खरीदा। इस टीम में लीग के सबसे महंगे खिलाड़ियों में लेग-स्पिनर दिग्वेश राठी भी शामिल हैं। राठी को 30 लाख में खरीदा गया है। 

वहीं अंडर-19 बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग को सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने आठ लाख रुपये में खरीदा। आर्यवीर के पिता और पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग इस टूर्नामेंट के ब्रांड दूत भी हैं। सहवाग ने कहा, ‘‘मैं वास्तव में इस सत्र का इंतजार कर रहा हूं। यह लीग खिलाड़ियों के लिए एक बड़े मंच के तौर पर सामने आई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चयनकर्ताओं के साथ ही विदेशी क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें भी इस लीग पर रहेंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। हमने पिछले साल कुछ अविश्वसनीय क्रिकेट देखा और मुझे भरोसा है कि यह सत्र और भी रोमांचक रहेगा।’’

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने इस मौके पर कहा, ‘‘इस साल हमने एक कदम आगे बढ़ाया है। हमने अपनी नीलामी प्रणाली में सुधार करते हुए खिलाड़ियों की संख्या में इजाफा किया है। हमने सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए घरेलू क्रिकेट के स्तर को ऊपर उठाने का प्रयास करने के साथ ही हमने दो नई पुरुष फ्रेंचाइजी भी जोड़ी हैं।’’ 


Subscribe to our Newsletter