भारतीय टीम के अभ्यास सत्र का वीडिया आया, ऋषभ विकेटीपिंग और बल्लेबाजी करते दिखे
Jul 22, 2025
कंबोज ने भी जमकर गेंदबाजी की , मिल सकता है डेब्यू का अवसर
मैनचेस्टर । भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के यहां बुधवार से इंग्लैंड के खिलाफ शुरु हो रहे चौथे टेस्ट में विकेटकीपिंग करने की भी उम्मीदें बढ़ रही हैं। इस अंदाजा अभ्यास सत्र के वीडियों को देखकर लगाया जा सकता है। इसमें ऋषभ बिना किसी परेशानी के विकेटकीपिंग करते हुए दिखे हैं। भारतीय टीम इस सीरीज में अभी 1-2 से पीछे है। ऐसे में अगर इस मैच में उसे हार मिलती है तो सीरीज जीतने का अवसर उसके हाथ से निकल जाएगा। अभ्यास सत्र में युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज भी शामिल हुए। उन्हें टीम में बैकअप गेंदबाज के तौर पर शामिल किया गया है क्योंकि अर्शदीप सिंह और आकाशदीप सिंह चोटिल हैं।
अभ्यास सत्र में सबकी नजरें ऋषभ पर लगी थीं। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन उंगलियों में चोट लगने के बाद लॉर्ड्स में विकेटकीपिंग नहीं की थी। वहीं पांचवें दिन बल्लेबाजी करते समय वह असहज दिखे थे। अभ्यास सत्र में उन्होंने कीपिंग ड्रिल की और बिना दर्द के एक घंटे तक बल्लेबाजी की जिससे वह चौथे टेस्ट के लिए फिट नजर आ रहे हैं।
वहीं अनकैप्ड अंशुल कंबोज को इस मैच में डेब्यू का अवसर मिल सकता है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अभ्यास सत्र में भाग लिया जिससे उनके भी इस मैच में खेलने की संभावनाएं बन रही हैं। वहीं आकाश दीप को टीम फिजियो से नेट्स में गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं मिली। उनका कोच मोर्ने मोर्केल की देख रेख में फिटनेस टेस्ट हुआ। ऐसे में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ तीसरे तेज गेंदबाज के लिए प्रसिद्ध कृष्णा या अंशुल कंबोज में से किसी एक को जगह मिल सकती है।