अक्टूबर-दिसंबर के बीच 54 फीसदी नियोक्ता करेंगे नई नियुक्तियां
Sep 13, 2022
आर्थिक दबावों के बाद भी देश में नई नियुक्तियों का क्षेत्र काफी मजबूत नजर आ रहा है। करीब 54 प्रतिशत कंपनियों ने अगले तीन माह में नई नियुक्तियों की योजना बनाई है। रोजगार परिदृश्य सर्वे के अनुसार, इस साल अक्टूबर-दिसंबर में श्रम बाजार का सेंटीमेंट मजबूत दिखाई दे रहा है। इस सर्वे में 41 देशों और क्षेत्रों के सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के 40,600 नियोक्ताओं की राय ली गई है। इस सर्वे के अनुसार, भारत में 64 प्रतिशत कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाएंगी। वहीं 10 प्रतिशत ने कर्मचारियों की संख्या कम करने की बात कही है।
24 प्रतिशत का कहना था कि उनकी कर्मचारियों की संख्या में किसी तरह का बदलाव करने की योजना नहीं है। इस तरह देखा जाए नेट इंप्लॉयमेंट आउटलुक 54 फीसदी नजर आता है। नियुक्तियों की संख्या के मामले में ब्राजील के बाद भारत दूसरे स्थान पर है। ब्राजील में 56 प्रतिशत नियोक्ताओं ने नई नियुक्तियों की बात कही। सर्वे में कहा गया है कि पिछले साल की समान अवधि से तुलना की जाए, तो हायरिंग सेंटीमेंट्स में 10 प्रतिशत का सुधार हुआ है। वहीं पिछली तिमाही की तुलना में इसमें तीन प्रतिशत का सुधार है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की बुनियाद मजबूत है। लघु अवधि के झटकों के बावजूद वृद्धि को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों, बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश में बढ़ोतरी और बढ़ते निर्यात मध्यम से दीर्घावधि में इन झटकों के असर को कम करेगा। उन्होंने कहा कि एमएसपी में वृद्धि और पर्याप्त मॉनसून के कारण खरीफ सीजन में श्रम की मांग में तेजी आएगी। इसके अलावा त्योहारी सीजन और ग्राहकों के बढ़ते आत्मविश्वास के साथ ही शहरी क्षेत्रों में नौकरियां बढ़ेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, नई भर्तियों में यह तेजी कृषि, फॉरेस्टरी, माइनिंग, इलेक्ट्रिसिटी और गैस क्षेत्र में नौकरियां बढ़ने के कारण आएगी। इसके बाद कंस्ट्रक्शन और होटल सेक्टर में भी नौकरियों के अवसर पैदा होंगे। पिछली तिमाही के बाद आईटी, टेक्नोलॉजी, टेलीकॉम और मीडिया के क्षेत्र में रोजगार की संभावना बढ़ी है। जबकि शिक्षा, हेल्थ, सामाजिक सेवा और सरकारी सेवाओं में यह घटी है।