भगवान राम का चित्र जलाने और रावण के जयकारे लगाने पर हंगामा - वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
Oct 03, 2025
त्रिची,। तमिलनाडु के त्रिची में भगवान राम का चित्र जलाने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति अडैक्कलराज को गिरफ्तार किया है। सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने ऐक्शन लिया। इसमें एक समूह के लोगों की ओर से हिंदू देवता राम के चित्र को जलाते हुए दिखाया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बैनर जलाते समय रावणे पोत्री, रावणे पोत्री (रावण की जय) के नारे लगाए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक 28 सितंबर को नावलपट्टू पुलिस सीमा के अंतर्गत अयानपुथुर गांव में ऐंधम तमिल संगम की ओर से आसिवगा तिरुमल गाइडेंस फेस्टिवल आयोजित किया गया था। कार्यक्रम सुबह 6 बजे ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ और शाम 6 बजे खत्म हुआ, जिसमें करीब 100 लोग शामिल हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक उस रात संगठन के करीब 5-6 सदस्यों ने भगवान राम को दर्शाने वाले फ्लेक्स बैनर को चप्पलों से पीटा फिर उसे आग के हवाले कर दिया। बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिसमें समूह का फेसबुक पेज ऐंधम तमिलर संगम भी शामिल है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बैनर जलाते समय रावणे पोत्री, रावणे पोत्री (रावण की जय) के नारे लगाए जा रहे हैं। ये लोग अपने समूह से और लोगों को जोड़ना चाहते थे, जिसके लिए मोबाइल नंबर भी शेयर किया गया। यह वीडियो वायरल होते ही हंगामा मच गया।
मीडिया रिपोर्ट में साइबर क्राइम मॉनिटरिंग अधिकारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 36 साल के अडैक्कलराज को गिरफ्तार किया है, जो पुडुक्कोट्टई जिले के विरालिमलई तालुक के कवरपट्टी गांव का रहने वाला है।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। त्रिची जिला एसपी ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर ऐसा कन्टेंट पोस्ट करने या साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते या सार्वजनिक शांति को भंग करते हों।