UP:2027 के चुनाव में रहेगा गठबंधन, सीटों के चक्कर में सपा कांग्रेस में दो-चार... दावेदारों के बीच अभी से रार;
Sep 15, 2025
यूपी में 2027 के चुनाव में कानपुर की सात में से दो विधानसभा सीटें ही सपा कांग्रेस को देना चाहती है। कांग्रेस चार सीटें चाहती है। कांग्रेस के दावेदार किदवईनगर, गोविंदनगर और महाराजपुर सीट पर ज्यादा सक्रिय है।
साल 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में 35 सीटों पर मिली जीत को आधार बनाकर सपा और कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगी है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले लखनऊ में हुई सपा की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी महानगर में सिर्फ दो सीट इंडिया गठबंधन को देने की बात कही थी। हालांकि कांग्रेस चार सीट चाहती है लेकिन कांग्रेसी शहर की सात में तीन सीटों पर ज्यादा सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
पूर्व विधायक अजय कपूर के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद किदवईनगर सीट अब कांग्रेस के बाकी दावेदारों के लिए खाली हो चुकी है। गोविंदनगर भी ऐसी सीट है जहां पर दावेदारों के बीच अभी से रार होने लगी है। पिछले दिनों जब कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता की ओर से मंडल अध्यक्षों का मनोनयन किया जा रहा था तब किदवईनगर और गोविंदनगर क्षेत्र को लेकर सबसे ज्यादा आपस में एक दूसरे की टांग खिंचाई की गई थी।