“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत पुलिस महानिरीक्षक ने 800 विद्यार्थियों से किया संवाद

Jul 29, 2025

एनआरआई कॉलेज में पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिरीक्षक भोपाल देहात जोन अभय सिंह के नेतृत्व में नशे से दूरी है जरूरी जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत एनआरआई कॉलेज, पटेल नगर, रायसेन रोड में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 800 छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक अभय सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक भोपाल ग्रामीण रेंज ओमप्रकाश त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। एनआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन्स के अध्यक्ष सुबोध सिंह ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि अभय सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को बर्बाद करता है और यह अपराधों की जड़ बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा किए गए विश्लेषण में पाया गया है कि अधिकांश अपराधों में अपराधी किसी न किसी प्रकार के नशे के प्रभाव में होते हैं। इसलिए युवाओं का जागरूक रहना आवश्यक है, ताकि वे स्वयं भी सुरक्षित रहें और समाज को भी सकारात्मक दिशा में ले जाएं।

पुलिस उपमहानिरीक्षक ओमप्रकाश त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान अब एक महा-अभियान का स्वरूप ले चुका है, जो गांव-गांव, स्कूलों और कॉलेजों तक प्रभावशाली ढंग से पहुँच रहा है। उन्होंने नशे के सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक भोपाल ग्रामीण प्रमोद कुमार सिन्हा द्वारा समस्त छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा रंगोली, नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों पर आधारित रचनात्मक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।

नुक्कड़ नाटक, रंगोली एवं नृत्य नाटक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ और रचनात्मक जागरूकता को बल मिला।

कार्यक्रम के अंत में हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ अधिकारीगण, कॉलेज स्टाफ एवं समस्त विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशा मुक्त भारत के संकल्प पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बिलखिरिया सुश्री मंजू चौहान, रक्षित निरीक्षक श्याम किशोर झरवडे, थाना प्रभारी बिलखिरिया उमेश सिंह चौहान, संस्थान के प्राचार्यगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम भी सिद्ध हुआ।


Subscribe to our Newsletter