बुराड़ी में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर दो मजदूरों पर चाकू से हमला
Mar 27, 2024
नई दिल्ली । उत्तरी दिल्ली के बुराडी थाना क्षेत्र में मंगलवार को मोटरसाइकिल सवार दो शराबी युवकों ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर साथियों के साथ मिलकर चाकू मार निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों को घायल कर दिया। घायलों को बुराड़ी अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां डाक्टरों ने बिहार के सहरसा निवासी 26 वर्षीय अखिलेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। उस पर चाकू से तीन वार किए गए थे, जबकि दूसरा घायल बिहार के खगड़िया निवासी 42 वर्षीय चंदन कुमार को सीधे हाथ में चाकू लगा है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच मे जुटी है।
उत्तरी जिले के डीसीपी मनोज कुमार मीणा ने बताया कि मंगवार को शाम छह बजे बुराड़ी में काली माता मंदिर बुराड़ी के पास, हरित विहार में दो व्यक्तियों को चाकू मारने के संबंध में एक पीसीआर काल प्राप्त हुई। दोनों घायलों को बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति अखिलेश कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दूसरे घायल की पहचान चंदन कुमार उम्र 42 वर्ष के रूप में हुई है, जिसके दाहिने हाथ में चाकू से चोट लगी है। घायल अखिलेश ने पुलिस को बताया कि वह मृतक के साथ हरित विहार में निर्माण कार्य में लगे हुए थे, जहां दो शराबी लड़के बाइक पर आए और कुछ पैसे की मांग की।
दोनो नें देना से मना किया, जिस पर युवक उन्हें गालियां बकने लगे। इसके बाद दोनों लड़के वहां से चले गए और कुछ अन्य लड़कों के साथ दोबारा आए और उन पर चाकू से हमला कर दिया। बुराड़ी थाने में आइपीसी की धारा 302/34 के तहत एफआइआर दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।