पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में दो लोगों की मौत, तीन घायल
Apr 19, 2024
- आतंकियों ने जापानी नागरिकों को किया टारगेट
कराची, । पाकिस्तान में सुदूर इलाकों से लेकर शहरों तक आतंकी हमले हो रहे हैं। शुक्रवार की सुबह कराची के लांधी इलाके में एक आत्मघाती हमला हुआ। यह हमला जापानी नागरिकों को लेकर जा रही एक गाड़ी पर किया गया। इस हमले में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पांचों जापानी नागरिक सुरक्षित हैं, जो कार में सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आत्मघाती हमलावर और दो आतंकवादी मारे गए हैं।
पाकिस्तानी टीवी चैनल ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि धमाके के बाद एक आतंकी गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग कर रहा था। सिंध के गवर्नर ने इस हमले की निंदा की है और मौके पर आईजी को जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि कराची जैसे शहर में आतंकवाद को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पाकिस्तान पुलिस के प्रवक्ता अबरार हुसैन ने बताया कि जापानी नागरिकों को सुरक्षित ठिकाने पर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस उनकी सुरक्षा में तैनात है। फिलहाल किसी आतंकी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पाकिस्तान में आए दिन ऐसे आतंकी हमले होते रहे हैं, जिनमें पाले तालिबान और अलकायदा जैसे संगठन शामिल रहे हैं। इसके अलावा अलगाववादी उग्रवादी समूह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की ओर से भी पाकिस्तान पर हमले किए जाते हैं। यह पहला मौका है, जब जापानी नागरिकों को टारगेट किया गया है।
कराची पुलिस ने कहा है कि यह आत्मघाती हमला था। इस हमले में एक और वाहन को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने कहा कि आतंकी के शरीर पर आत्मघाती जैकेट और एक ग्रेनेड भी बंधा था। पुलिस ने बताया कि जिन जापानी नागरिकों को निशाना बनाया गया है, वे एक एक्सपोर्ट यूनिट में काम कर रहे थे। तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर हैं। घायलों की पहचान दो सुरक्षाकर्मियों नूर मोहम्मद, लंगर खान और एक आम नागरिक सलमान के रुप में हुई है। इस घटना में किसी भी जापानी नागरिक को चोट नहीं आई है।