यूएस में इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों को गोली मारी, दोनों की मौत

वॉशिंगटन। वॉशिंगटन डीसी में बुधवार रात इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमेरिका की होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने इसकी पुष्टी की है। क्रिस्टी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, आज रात वॉशिंगटन डीसी में यहूदी म्यूजियम के पास इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों की नृशंस हत्या कर दी गई। हम इस घटना की जांच कर रहे हैं और जल्द ही ज्यादा जानकारी साझा करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, गोली मारने के बाद, बंदूकधारी मोटरसाइकिल पर भाग गया। अब इस मामले में खुद एफबीआई ने जांच तेज कर दी गई है। घटना की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि यह दो लोग इजरायली दूतावास से जुड़े थे और गोलीबारी में उनकी मौत हो गई। डीसी पुलिस के अनुसार, यह गोलीबारी एफबीआई के वॉशिंगटन फील्ड ऑफिस के सामने हुई, जो म्यूजियम के नजदीक स्थित है। इजरायली दूतावास अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की जांच में जुटा है। इजरायल के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत डैनी डैनन ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, वॉशिंगटन डीसी के यहूदी संग्रहालय के बाहर हुए इस घातक हमले को एक अमानवीय यहूदी विरोधी आतंकवादी घटना के रूप में देखा जाना चाहिए। इसमें इजरायली दूतावास के कर्मचारी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वॉशिंगटन डीसी के नॉर्थवेस्ट इलाके में उस स्थान से दूर रहें जहां यह घटना हुई। फिलहाल जांच जारी है और संदिग्ध की तलाश की जा रही है। कानून प्रवर्तन एजेंसियां इसे एक संभावित घृणा अपराध मानकर भी जांच कर रही हैं।


Subscribe to our Newsletter