टीवीएस मोटर्स ने जर्मनी की दिग्गज कंपनी में बढ़ाई हिस्सेदारी
Feb 27, 2024
नई दिल्ली । तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में अपनी स्थिति और मजबूत करने के लिए टीवीएस मोटर्स (सिंगापुर) पीटीई लिमिटेड ने जर्मनी की दिग्गज कंपनी किलवाट जीएमबीएच में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। कंपनी ने एक्सचेंजों को दी जानकारी में बताया कि कंपनी जर्मन की कंपनी किलवाट जीएमबीएच में अतिरिक्त 8,000 इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण कर रही है। इस अधिग्रहण के साथ ही टीवीएस की हिस्सेदारी 39.28 फीसदी से बढ़कर 49 फीसदी हो गई है। किलवाट जीएमबीएच जर्मनी के टिर्शेनरेथ में स्थित एक निजी कंपनी है जो कि इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के विकास, डिजाइन, निर्माण, बिक्री और डिस्ट्रीब्यूशन का काम देखती है। 4 मिलियन यूरो मूल्य का यह अधिग्रहण टीवीएस मोटर के ई-पर्सनल मोबिलिटी क्षेत्र में एक प्रमुख खिलाड़ी बनने की रेस में बड़ा कदम माना जा रहा है।
साथ ही इससे किलवाट जीएमबीएच के साथ लॉन्गटर्म पार्टनरशिप स्थापित करने का लक्ष्य भी पूरा होगा। ऐसा माना जा रहा है कि ये अधिग्रहण 11 मार्च, 2024 तक पूरा हो जाएगा। कंपनी ने बताया कि इस अधिग्रहण डील के लिए टीवीएस मोटर (सिंगापुर) 4 मार्च को या उससे पहले 2 मिलियन यूरो का भुगतान करेगा, इसके बाद का शेष 2 मिलियन यूरो का भुगतान होगा।