दिल्ली में बाइक और कार पर गिरा पेड़ बाप-बेटी घायल

Aug 14, 2025

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में  गुरुवार सुबह झमाझम बरसात हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिसकी वजह से ट्रैफिक भी धीमा हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल दिल्ली में आगामी दिनों में भी बारिश का ये दौर जारी रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में लगातार हो रही बारिश से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस बीच दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक बड़ा पेड़ बाइक सवार और कार पर गिर गया। इस हादसे में बाइक पर मौजूद बाप-बेटी घायल हो गए। गुरुवार की सुबह से ही हो रही मुसलाधार बारिश से प्रदेश का मौसम सुहाना हो गया।

हालांकि, बाहर निकलने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई। भारी बारिश के कारण पड़पड़गंज के साथ-साथ कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिसकी वजह से कई जगहों पर जाम लग गया और ट्रैफिक धीमा हो गया। कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, फिरोज शाह रोड, इंडिया गेट, लाजपत नगर, द्वारका, आरके पुरम, लोधी रोड और रोहिणी के साथ-साथ दिल्ली-हरियाणा सीमा समेत क्षेत्रों में तेज बरसात देखने को मिली। दिल्ली में अभी यमुना नदी खतरे के निशान से करीब बह रही है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन घंटों में देश की राजधानी में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। बारिश के बाद दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से आ रही तस्वीरें परेशान करने वाली हैं। राजघाट से लेकर रामलीला मैदान तक और रिंग रोड से लेकर आरके पुरम तक, हर जगह बारिश से परेशानी ही परेशानी है। सड़कों पर कई फीट पानी गया है और इस वजह से ट्रैफिक पूरी तरह स्लो हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के सामने भगवान दास रोड पर जल भराव इस कदर हुआ कि गाड़ियों के टायर और बंपर पानी में डूब गए। कुछ ऐसी ही स्थिति भारत मंडपम के सामने नजर आई। वहां बनी टनल को जल भराव की वजह से बंद कर दिया गया।

मौसम विभाग ने पहले ही गुरुवार की सुबह तकरीबन 3 घंटे तक तेज बारिश को लेकर एलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार पूरे दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। नमी का स्तर 68 प्रतिशत से 85 प्रतिशत तक रहेगा और हवा की रफ्तार 5 से 13 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला चलेगा। खासकर 14 और 15 अगस्त को झमाझम की संभावना ज्यादा है। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया है। जिससे अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा। 17 अगस्त के बाद बारिश में कमी आ सकती है।


Subscribe to our Newsletter