ट्रैवल फूड सर्विसेज का शेयर दो प्रतिशत की तेजी के साथ सूचीबद्ध
Jul 14, 2025
नई दिल्ली । ट्रैवल फूड सर्विसेज लिमिटेड (टीएफएस) के शेयरों की सोमवार को शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत हुई। कंपनी का शेयर बीएसई पर अपने निर्गम मूल्य 1,100 से 2.38 फीसदी की बढ़त के साथ 1,126.20 पर लिस्ट हुआ, जबकि एनएसई पर यह 1,125 रुपए पर सूचीबद्ध हुआ, जो 2.27 फीसदी की बढ़त को दर्शाता है। इसके साथ ही कंपनी का बाजार पूंजीकरण 14,222.04 करोड़ हो गया। ट्रैवल फूड सर्विसेज का आईपीओ पूरी तरह से एक ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) था, जिसके तहत प्रवर्तक कपूर फैमिली ट्रस्ट ने 2,000 करोड़ के शेयर बाजार में बेचे। आईपीओ का मूल्य दायरा 1,045 से 1,100 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था।
यह सार्वजनिक निर्गम निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया के साथ 2.88 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी ने 2009 में अपना पहला ट्रैवल क्विक-सर्विस रेस्तरां शुरू किया था। मुंबई मुख्यालय वाली ट्रैवल फूड सर्विसेज हवाई अड्डों और कुछ प्रमुख राजमार्गों पर फास्ट फूड, कैफे, बेकरी, फूड कोर्ट और बार जैसी खाद्य एवं पेय सेवाएं प्रदान करती है। लिस्टिंग के बाद शेयर में स्थिरता बनी रही, जिससे निवेशकों को शुरुआती लाभ मिला। ट्रैवल आधारित एफएंडबी क्षेत्र में काम करने वाली यह कंपनी अब निवेशकों के लिए दीर्घकालिक अवसर प्रदान कर सकती है।