न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में मूसलधार बारिश से बाढ़, आपातकाल घोषित

- लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारी करने की सलाह दी गई

न्यूयॉर्क । न्यूयॉर्क शहर और उत्तरी न्यू जर्सी में सोमवार को भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हालात की गंभीरता को देखते हुए न्यू जर्सी के गवर्नर फिल मर्फी ने देर रात आपातकाल की घोषणा की। गवर्नर मर्फी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा ‎कि राज्य के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ और भारी बारिश को देखते हुए मैं आपातकाल घोषित कर रहा हूं। कृपया घरों में रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने न्यूयॉर्क शहर के सभी पांच बरो के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की है। सोमवार शाम तक स्टेटन आइलैंड में 1.67 इंच और मैनहट्टन के चेल्सी क्षेत्र में 1.47 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। न्यूयॉर्क सिटी इमरजेंसी मैनेजमेंट ने खासकर बेसमेंट अपार्टमेंट में रहने वालों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारी करने की सलाह दी है।

पोस्ट में कहा गया कि रात के समय भी अचानक बाढ़ आ सकती है, इसलिए फोन, टॉर्च और ज़रूरी सामान का बैग तैयार रखें और ऊंचे स्थान की ओर जाने के लिए तत्पर रहें। शहर में अभी और बारिश की संभावना जताई गई है। आपातकालीन टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात कर दी गई हैं और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



Subscribe to our Newsletter