आंगनवाड़ी महिला सुपरवाईजर के सूने मकान सहित तीन स्थानो पर पड़ा चोरो का साया
Jul 18, 2025
भोपाल। देहात इलाके के बैरसिया थाना क्षेत्र में जहॉ दिनदहाड़े आंगन वाड़ी सुपरवाईजर के सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश एक लाख रुपए की नगदी और जेवरात चुराकर ले गए। वहीं पिपलानी और छोला मंदिर में भी चोरो ने दो सूने मकानों के ताले चटकाकर लाखो का माल उड़ा दिया। पुलिस के अनुसार गौरी भौरे पति रमेश भौरे (56) ने अपनी शिकायत में बताया की वह कृष्णा कॉलोनी बैरसिया में रहती हैं, और आंगनवाड़ी सुपरवाईजर है। उनके पति रमेश भौरे सीआईएसएफ से रिटायर्ड है। बीती सुबह करीब 11 बजे वह पति के साथ अपने क्षेत्र में निरिक्षण के लिये गई थी।
शाम करीब 4 बजे वापस घर लौटी तो मकान के मेन गेट पर लगा ताला टूटा नजर आया। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान बिखरा मिला वहीं अलमारी में रखी 1 लाख रुपए की नगदी, सोने के कड़े, मंगलसूत्र, अंगूठी सहित करीब 3 लाख का माल गायब था। इधर पिपलानी में स्थित सिद्धार्थ लेक सिटी में रहने वाले अमित कुमार झरखडियां के सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश 24 हजार की नगदी सहित पुराने इस्तेमाली जेवर समेटकर चंपत हो गए। वहीं छोला मंदिर क्षेत्र की राधा कृष्णपुरम कॉलोनी में रहने वाले सियाराम कुशवाह के मकान का ताला चटकाते हुए अज्ञात आरोपियो ने सोने-चांदी के जेवरात सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सभी मामलो में संबधित थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।