दक्षिणी जर्मनी में ट्रेन दुर्घटना में तीन की मौत, कई घायल

मेड्रिड । दक्षिणी जर्मनी के बिबेराख में रविवार शाम एक क्षेत्रीय यात्री ट्रेन के पटरी से उतरने की दुखद घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा म्यूनिख से लगभग 158 किलोमीटर दूर रिडलिंगन के पास शाम करीब 6:10 बजे हुआ। ट्रेन सिग्मारिंगन से उल्म की ओर जा रही थी, जब इसके कम से कम दो डिब्बे जंगल वाले इलाके में पटरी से उतर गए। स्थानीय और फेडरल पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हादसे से पहले भारी बारिश और तूफान ने क्षेत्र को प्रभावित किया था। कुछ सूत्रों का मानना है कि भूस्खलन के कारण ट्रेन पटरी से उतर सकती है। हादसे के समय ट्रेन में लगभग 100 यात्री सवार थे। घटनास्थल की तस्वीरों में डिब्बे एक तरफ झुके हुए दिखे, जबकि बचावकर्मी यात्रियों की तलाश में जुटे थे। घायलों को इलाज के लिए हेलीकॉप्टरों के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

इमरजेंसी सेवाओं के तहत आसपास के अस्पतालों से अतिरिक्त डॉक्टर बुलाए गए। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने आंतरिक और परिवहन मंत्रियों के साथ संपर्क में रहकर राहत और बचाव कार्यों के लिए सभी संसाधन मुहैया कराने का निर्देश दिया।



Subscribe to our Newsletter