इस बार गणेशोत्सव में नजर आएगी चंद्रयान-3 की सफलता की झलक
Sep 16, 2023
-19 सितंबर को विराजेंगी प्रतिमा, शहर में तैयारियां शुरू, झांकियां हो रहीं तैयार
भोपाल । इस बार गणेश उत्सव में चंद्रयान 3 की सफलता की झलक भी दिखाई देगी। इसरो की इस उपलब्धि को गणेश उत्सव में सजने वाली झांकियों के माध्यम से दर्शाया जाएगा। शहर में इस थीम पर अनेक गणेश प्रतिमाएं और झांकियां तैयार की जा रही हैं। इसी प्रकार झांकियों में चुनावी रंग भी नजर आएगा। चुनावों के मद्देनजर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए भी सकारात्मक संदेशों के साथ भी झांकियां बनाई जाएंगी।
शहर में गणेश उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है। गणेश उत्सव की शुरुआत 19 सितम्बर से होगी। शहर में जहां 3 हजार से अधिक स्थानों पर सार्वजनिक रूप से पंडाल सजाकर भगवान गणेश की स्थापना की जाएगी, वहीं 25 हजार से अधिक घरों में भी गणेश स्थापना कर दस दिनों तक श्रद्धालु पूजा अर्चना करेंगे। गणेश उत्सव को लेकर समितियों ने तैयारियां शुरू कर दी है।
घरों में भी विघ्नहर्ता की होगी स्थापना
शहर में चंद्रयान 3 की थीम पर भी गणेश प्रतिमाएं तैयार हो रही है। माता मंदिर के पास दुर्गाधाम मंदिर परिसर में प्रतिमाओं को आकार दे रहे मूर्तिकार हरधन मांझी ने बताया कि चंद्रयान 3 की प्रतिमा आर्डर पर तैयार की जा रही है। यह 7 फीट की प्रतिमा है, जो लगभग 25 हजार की लागत से बनी है, इसमें गणेशजी की प्रतिमा के साथ चंद्रयान 3 की आकृति भी बनाई गई है। यह प्रतिमा भाजपा के प्रदेश कार्यालय में स्थापित की जाएगी।
कहीं भोपाल के राजा तो कहीं लालबाग के राजा
इस बार कहीं भोपाल के राजा की झांकी सजेगी तो कहीं लालबाग के राजा की। पीपल चौक में भोपाल के प्रथम गणेश की स्थापना की जाएगी। यहां भगवान गणेश चांदी के सिंहासन पर परिवार के साथ विराजमान होंगे। इसी प्रकार कोलार बीमा कुंज के पास प्रेम मंदिर की झांकी तैयार की जा रही है। यहां लालबाग के राजा की प्रतिमा विराजमान होगी। आयोजन समिति के प्रमोद शर्मा ने बताया कि इस दौरान लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए भी कट आऊट लगाकर संदेश दिया जाएगा।
चांद पर भगवान गणेश, सजेगी झांकी
मंगलवारा जैन मंदिर के पास प्रतिमा बनाने वाले रवि यादव ने बताया चांद पर गणेश बैठने की मुद्रा में प्रतिमा तैयार की है। यह आर्डर पर बनाई है, साथ ही चंद्रयान की झांकी भी रहेगी। प्रतिमा साढ़े पांच फीट की है। हमारे पास 20 से अधिक गणेश प्रतिमाओं के आर्डर है, मिट्टी के अलावा थर्माकोल से भी प्रतिमा तैयार हो रही है।